बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त और अरशद वारसी की जोड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर है। करीब दो दशक से दर्शकों के दिलों में जगह बनाए हुए 'मुन्ना भाई' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। लंबे समय से इस फिल्म को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं, लेकिन अब इसकी कहानी पर काम शुरू होने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजकुमार हिरानी की 'मुन्ना भाई 3' (Munna Bhai 3 ) साल 2027 में फ्लोर पर जा सकती है। यानी फैंस का इंतजार अब खत्म होने की ओर बढ़ सकता है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Sunny Deol की 'सूर्या' को मिली बड़ी राहत, रिलीज रोकने की मांग वाली PIL पर हाईकोर्ट का फैसला)
फरहाद सामजी लिख रहे हैं फिल्म की कहानी
Variety India की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की स्क्रिप्ट लिखने की जिम्मेदारी फरहाद सामजी को दी गई है। वह जल्द ही इसकी कहानी पूरी कर सकते हैं। खास बात यह है कि फरहाद का इस फ्रेंचाइजी से रिश्ता काफी पुराना है। साल 2003 में आई पहली फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' के मशहूर गाने 'एम बोले तो' की शुरुआती लाइनें भी उन्होंने ही लिखी थीं। फरहाद ने पहले एक बातचीत में बताया था कि उन्हें रात करीब 10 बजे म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक का फोन आया था। अनु मलिक ने उनसे अगले दिन राजकुमार हिरानी और विधु विनोद चोपड़ा के साथ होने वाले म्यूजिक सेशन के लिए गाने का मुखड़ा लिखने को कहा था। उस समय फिल्म में शाहरुख खान को मुख्य भूमिका में लेने की बात चल रही थी। गाने में ऐसे शब्दों की जरूरत थी, जो किरदार की खास बोलचाल और अंदाज को दिखा सकें।
राजकुमार हिरानी पहले भी साफ कर चुके हैं कि वह सिर्फ फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने के लिए फिल्म नहीं बनाना चाहते। उनके लिए कहानी सबसे ज्यादा मायने रखती है। वह चाहते हैं कि तीसरी फिल्म भी दर्शकों को कुछ नया दे और पहली दो फिल्मों की तरह उनके दिलों को छुए। फिलहाल फिल्म की कहानी, बाकी कलाकारों और शूटिंग को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या संजय दत्त और अरशद वारसी एक बार फिर मुन्ना और सर्किट बनकर पर्दे पर लौटेंगे?
