Amit Shah News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि कश्मीर घाटी में अब कोई भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि पुलवामा में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आखिरी ज्ञात सक्रिय कश्मीरी आतंकी को कश्मीर पुलिस ने मार गिराया है। शाह के मुताबिक, घाटी में जो भी आतंकी अब बचे हैं, वे सभी विदेशी हैं। बता दें कि बीते 18 नवंबर की सुबह कुलगाम जिले के जंगलपोरा इलाके में सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ अहमद भट (लतीफ भट) को मुठभेड़ में मारा गया।
अरुणाचल प्रदेश के बांदरदेवा में आयोजित 'राष्ट्रपति पुलिस कलर अवॉर्ड' समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, "पुलवामा में कश्मीर पुलिस ने लश्कर से जुड़े आखिरी ज्ञात सक्रिय कश्मीरी आतंकी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इसके साथ ही मैं गर्व से कह सकता हूं कि आज कश्मीर घाटी में एक भी स्थानीय आतंकी नहीं बचा है। जो बचे हैं, वे सब विदेशी आतंकी हैं।"
1990 के दशक का जिक्र
गृह मंत्री ने 1990 के दशक की स्थिति को याद करते हुए कहा कि उस दौर में आतंकवाद चरम पर था और लोग सवाल उठाने लगे थे कि भारत कश्मीर को कब तक अपने साथ रख पाएगा। शाह ने कहा कि उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला स्वयं इंग्लैंड चले गए थे, फिर भी सुरक्षा बलों की वीरता ने कश्मीर को देश के साथ जोड़े रखा।
अनुच्छेद 370 पर बयान
शाह ने कहा कि 2019 में जब अनुच्छेद 370 हटाया गया, तब पूरा विपक्ष एकजुट होकर पूछ रहा था कि अनुच्छेद 370 का आतंकवाद से क्या संबंध है। उन्होंने दावा किया कि इसके हटने से कश्मीरी युवाओं में अलगाववाद की भावना समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा, "आज घाटी में एक भी कश्मीरी युवा आतंकी नहीं है। यह हम सबके लिए गर्व और सम्मान की बात है।" उन्होंने यह बात भगवान परशुराम की भूमि से कही।
अरुणाचल पुलिस को राष्ट्रपति का कलर
समारोह में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को 'राष्ट्रपति का कलर' प्रदान किया गया, जो देश में किसी भी पुलिस बल को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। शाह ने इसे अरुणाचल पुलिस, राज्य की जनता और नेतृत्व के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के इतिहास में ऐसा अवसर केवल एक बार आता है।
उगते सूरज की भूमि है अरुणाचल
उन्होंने अरुणाचल को 'उगते सूरज की भूमि' बताते हुए कहा कि दिल्ली से हजारों किलोमीटर दूर प्रकृति की गोद में बसा यह राज्य रणनीतिक रूप से बेहद अहम स्थान रखता है। उसकी सुरक्षा, शांति, समृद्धि और विकास पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण हैं। शाह ने अरुणाचल पुलिस, राज्य के लोगों और मुख्यमंत्री को बधाई दी।
अरुणाचल प्रदेश पुलिस को यह सम्मान जनता और राष्ट्र के प्रति उसकी समर्पित सेवा के लिए दिया गया है।
