टेक एंड गैजेट्स

AI कंटेंट को लेकर Instagram ने लिया बड़ा फैसला, सिर पकड़कर गए बैठ गए क्रिएटर्स

यदि आप भी एक कंटेंट क्रिएटर हैं और Instagram या यूट्यूब पर AI वीडियोज अपलोड करते हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है। इंस्टाग्राम ने AI कंटेंट पर एक बड़ा फैसला लिया है और टेस्टिंग भी शुरू कर दी है।

Image

इंस्टाग्राम पर AI कंटेंट की पहचान होगी आसान, कंपनी ला रही नया “AI Creator” लेबल/Photo- Canva

सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ रहे AI-जनरेटेड कंटेंट के बीच अब यूजर्स के लिए यह समझना आसान हो सकता है कि कौन-सा कंटेंट इंसानों द्वारा बनाया गया है और कौन-सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए इंस्टाग्राम ने एक नए “AI Creator” लेबल की टेस्टिंग शुरू कर दी है। यह फीचर उन अकाउंट्स के लिए है जो नियमित रूप से AI से तैयार कंटेंट शेयर करते हैं।

AI कंटेंट को लेकर बढ़ रही थी चिंता

पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर AI की मदद से बनाए गए फोटो, स्केच, एनीमे और आर्टवर्क की संख्या तेजी से बढ़ी है। कई बार यूजर्स के लिए यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि कोई पोस्ट असली कलाकार ने बनाई है या AI टूल्स से तैयार की गई है। ऐसे में इंस्टाग्राम का यह नया कदम पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

कंपनी का फोकस सेंसरशिप नहीं, पारदर्शिता पर

मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम ने साफ किया है कि इस फीचर का उद्देश्य AI कंटेंट को रोकना नहीं है। कंपनी का मानना है कि AI एक उपयोगी टूल हो सकता है, जो लोगों के विचारों को विजुअल रूप देने में मदद करता है। हालांकि, यूजर्स को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि कंटेंट किस तरह तैयार किया गया है। इंस्टाग्राम ने अपने @creators अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म यह समझना आसान बना रहा है कि कंटेंट कैसे बनाया गया, उसके पीछे कौन है और किस कंटेंट पर भरोसा किया जा सकता है।

फिलहाल वैकल्पिक है नया फीचर

कंपनी के अनुसार, “AI Creator” लेबल फिलहाल सीमित यूजर्स के बीच टेस्ट किया जा रहा है और आने वाले हफ्तों में इसे अधिक अकाउंट्स तक बढ़ाया जा सकता है। यह फीचर पूरी तरह ऑप्शनल होगा, यानी यूजर्स चाहें तो इसे ऑन कर सकते हैं।

इंस्टाग्राम ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस लेबल को इस्तेमाल करने या न करने से कंटेंट की रीच, रिकमेंडेशन या डिस्ट्रीब्यूशन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यानी किसी अकाउंट को न तो अतिरिक्त फायदा मिलेगा और न ही नुकसान होगा।

ऐसे जोड़ सकते हैं AI Creator लेबल

यूजर्स अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल में जाकर “Edit Profile” विकल्प चुन सकते हैं। वहां AI Creator ऑप्शन को ऑन करने के बाद यह लेबल प्रोफाइल बायो और पोस्ट्स के साथ दिखाई देने लगेगा। इससे साफ हो जाएगा कि अकाउंट पर शेयर किया गया कंटेंट AI-जनरेटेड है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article