आजकल ऑनलाइन ठगी के मामलों में तेजी आई है। साइबर अपराधी पहले मैसेज भेजते थे, लेकिन अब वे सीधे कॉल करके लोगों को जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी अनजान नंबरों से आने वाली स्पैम कॉल्स से परेशान हैं, तो एक छोटी सी सेटिंग आपकी बड़ी समस्या का समाधान कर सकती है।
अनजान स्पैम कॉल्स से ऐसे बचें
लोकप्रिय मैसेजिंग एप WhatsApp में एक खास फीचर दिया गया है, जिसके जरिए आप अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स को साइलेंट कर सकते हैं। इसका मतलब यह है कि ठग कॉल तो करेंगे, लेकिन आपका फोन नहीं बजेगा। कॉल सीधे साइलेंट मोड में चली जाएगी और आपको डिस्टर्ब नहीं करेगी।
WhatsApp में कैसे ऑन करें यह सेटिंग?
- WhatsApp खोलें
- Settings में जाएं
- Privacy पर टैप करें
- Calls विकल्प चुनें
- ‘Silence Unknown Callers’ को ऑन कर दें
फोन की सेटिंग में भी है विकल्प
सिर्फ WhatsApp ही नहीं, आपके स्मार्टफोन में भी अनजान कॉल्स को साइलेंट करने का विकल्प मौजूद होता है। फोन की Call Settings में जाकर ‘Silence Unknown Callers’ या ‘Block Unknown Numbers’ जैसे विकल्प को एक्टिव किया जा सकता है। इससे स्पैम कॉल्स से और ज्यादा सुरक्षा मिलती है।
क्या होगा फायदा?
यदि कोई स्पैम कॉल आएगी तो वह अपने आप ब्लॉक या साइलेंट हो जाएगी। इससे आप डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लॉटरी या बैंकिंग फ्रॉड जैसी धोखाधड़ी से काफी हद तक सुरक्षित रह सकते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक अनजान नंबरों से आई कॉल पर कभी भी अपनी निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत रिपोर्ट करें। छोटी-सी सावधानी आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।
