बिजनेस

शेयर बाजार में लौटी खरीदारी, सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त के साथ बंद, बैंकिंग शेयरों में तेजी

सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

Image

शेयर बाजार

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और बैंकों एवं वित्तीय कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से सोमवार को घरेलू शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 107 अंक की तेजी रही जबकि निफ्टी 25,000 अंक के स्तर के ऊपर बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 107.25 अंक यानी 0.13 प्रतिशत चढ़कर 81,106.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 340.01 अंक बढ़कर 81,339.41 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 58.25 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,044.65 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में रही तेजी

सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ एचसीएल टेक, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस के शेयर में गिरावट रही। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.46 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

पिछले हफ्ते रही थी बंपर तेजी

पिछले सप्ताह घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी। सेंसेक्स में 6,568.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत और निफ्टी में 1,977.25 अंक यानी 8.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई थी। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि हालिया तेजी के बाद बीच-बीच में मुनाफावसूली होने से बाजार सीमित दायरे में रहा, हालांकि इसका रुख सकारात्मक था। सूचना प्रौद्योगिकी और धातु कंपनियों के शेयरों में कमजोरी ने भी प्रमुख सूचकांकों की बढ़त को सीमित किया।

विदेशी निवेशकों की बढ़ी खरीदारी

उन्होंने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बढ़ती भागीदारी और कंपनियों के उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों से वित्त वर्ष 2026-27 के आय अनुमान में सुधार की उम्मीद मजबूत हुई है। इससे बाजार की धारणा को समर्थन मिला है। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे।

यूरोपीय बाजार में भी तेजी

यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे। इससे पहले रविवार को दिवाली के विशेष मुहूर्त कारोबार में सेंसेक्स 28.62 अंक गिरकर 80,999.40 अंक पर और निफ्टी 43.95 अंक टूटकर 24,986.40 अंक पर बंद हुआ था। मुहूर्त कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी सकारात्मक रुख के साथ खुले थे लेकिन अपनी शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख पाए।

मुहूर्त कारोबार दिवाली के दिन आयोजित होने वाला विशेष कारोबारी सत्र है। इसे हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इस शुभ मुहूर्त में कारोबार करने से निवेशकों को समृद्धि और आर्थिक लाभ मिलता है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article