देश

' कभी यह नहीं कहा कि मैंने गोली चलवाई थी', अयोध्या गोलीकांड पर बयान से पलटे सपा सांसद सनातन पांडेय, क्या दी सफाई?

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या गोलीकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कभी गोली चलवाने की बात नहीं कही। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए संविधान और अदालत के आदेश सर्वोपरि होते हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा पर उनके बयान को लेकर बेवजह विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया।

Image

अयोध्या गोलीकांड पर बयान से पलटे सपा सांसद सनातन पांडेय। sanatan pandey facebook handle

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चनाव से पहले राज्य की राजनीति लगातार गरमाती जा रही है। वहीं, अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले गोलीकांड को लेकर राजनीतिक टिप्पणी भी खूब हो रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के बलिया से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद सनातन पांडेय ने अयोध्या गोलीकांड को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि उन्होंने गोली चलवाई थी। सांसद के मुताबिक, उन्होंने केवल संविधान की सर्वोच्चता और तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की संवैधानिक जिम्मेदारी की बात कही थी।

सनातन पांडेय ने कहा, ''हम भारत के रहने वाले हैं और संविधान की शपथ लेकर अपने काम को आगे बढ़ाते हैं। भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के लिए देश का संविधान ही सर्वोपरि होता है।''

मुलायम सिंह यादव के फैसले का किया बचाव

सपा सांसद ने अयोध्या में विवादित ढांचे से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की भूमिका का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोग विवादित गुंबद पर चढ़े और तोड़फोड़ की कार्रवाई की थी।

उन्होंने कहा कि उस वक्त प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे। जब कोई विवादित मामला अदालत के अधीन हो, तो उस पर कोई भी ऐसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए जो संविधान और अदालत के आदेशों के खिलाफ हो। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को संविधान के मुताबिक ही काम करना होता है।

'नेताजी ने संविधान के प्रति आस्था मजबूत की'

सनातन पांडेय ने कहा कि मुलायम सिंह यादव की भारतीय संविधान के प्रति आस्था थी। उन्होंने इसी आस्था को मजबूत करने के लिए वहां गोली चलने की घटना को स्वीकार किया। सांसद ने सवाल उठाया कि भाजपा को उनके बयान से परेशानी क्यों हो रही है? उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा का नामोनिशान नहीं था, बल्कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोग वहां मौजूद थे। उनके मुताबिक, संविधान में आस्था रखने वाले लोग कभी भी संविधान और अदालत के आदेशों की अवहेलना नहीं करते।

भाजपा पर साधा निशाना

सपा सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज उनके बयान को लेकर पार्टी को पीड़ा हो रही है। उन्होंने दोहराया कि उनका पक्ष संविधान की सर्वोच्चता और अदालत के आदेशों के पालन को लेकर है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article