टेक एंड गैजेट्स

Extension Board खरीदते समय न करें ये गलती, इन 5 सेफ्टी फीचर्स से पहचानें अच्छी क्वालिटी

घर में बिजली के कम सॉकेट होने के कारण एक नया एक्सटेंशन बोर्ड खरीदने का मन बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। कम कीमत या ज्यादा सॉकेट देखकर खरीदारी का फैसला न करें।

Image

एक्सटेंशन बोर्ड खरीदते समय इन 5 सेफ्टी फीचर्स का रखें ध्यान (AI Generated Image)

Extension Board Buying Guide: आजकल घरों में मोबाइल चार्ज करने से लेकर टीवी, लैपटॉप, कंप्यूटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को चलाने के लिए एक्सटेंशन बोर्ड (Extension Board) का इस्तेमाल आम हो गया है। खासकर उन जगहों पर जहां बिजली के सॉकेट कम होते हैं, वहां एक्सटेंशन बोर्ड काफी काम आता है। बाजार में अलग-अलग कीमत, डिजाइन और फीचर्स वाले कई एक्सटेंशन बोर्ड मिल जाते हैं। लेकिन कम कीमत या ज्यादा सॉकेट देखकर इन्हें खरीदना समझदारी नहीं है। खराब क्वालिटी का एक्सटेंशन बोर्ड शॉर्ट सर्किट, ओवरहीटिंग और आग लगने जैसी घटनाओं की वजह बन सकता है। इसलिए इसे खरीदते समय कुछ जरूरी सेफ्टी फीचर्स पर जरूर ध्यान दें-

एक्सटेंशन बोर्ड के जरूरी सेफ्टी फीचर्स (Extension Board Buying Guide)

ओवरलोड प्रोटेक्शन (Overload Protection): एक्सटेंशन बोर्ड खरीदते समय देखें कि उसमें ओवरलोड प्रोटेक्शन की सुविधा है या नहीं। यह फीचर तय क्षमता से ज्यादा बिजली का लोड पड़ने पर सप्लाई को बंद करने में मदद करता है। इससे वायरिंग गर्म होने, शॉर्ट सर्किट और आग लगने का खतरा कम हो सकता है। बेहतर होगा कि बोर्ड में रीसेटेबल सर्किट ब्रेकर दिया गया हो।

सर्ज प्रोटेक्शन (Surge Protection): घर में अचानक वोल्टेज बढ़ने या बिजली के उतार-चढ़ाव से टीवी, लैपटॉप और कंप्यूटर जैसे महंगे डिवाइस खराब हो सकते हैं। ऐसे में सर्ज प्रोटेक्शन वाला एक्सटेंशन बोर्ड खरीदना बेहतर विकल्प है। यह अचानक आने वाले वोल्टेज स्पाइक से जुड़े डिवाइस को बचाने में मदद करता है। इसमें प्रोटेक्शन इंडिकेटर भी होना चाहिए, ताकि सुरक्षा सुविधा की स्थिति का पता चल सके।

चाइल्ड सेफ्टी शटर (Child Safety Shutters): अगर घर में छोटे बच्चे हैं तो यह फीचर बेहद जरूरी है। चाइल्ड सेफ्टी शटर वाले बोर्ड में सॉकेट के अंदर सुरक्षा कवर लगे होते हैं। इससे बच्चे गलती से सॉकेट में उंगली या कोई दूसरी चीज डालकर करंट की चपेट में आने से बच सकते हैं। इसलिए ऐसा बोर्ड चुनें जिसके सभी सॉकेट में यह सुविधा मौजूद हो।

अच्छी क्वालिटी की वायरिंग और अर्थिंग: एक्सटेंशन बोर्ड खरीदते समय उसकी केबल की मोटाई और क्वालिटी जरूर जांचें। अच्छी क्वालिटी की कॉपर वायर और मजबूत इंसुलेशन वाली केबल बेहतर विकल्प होती है। इसके अलावा, बोर्ड में थ्री-पिन सॉकेट और सही अर्थिंग की सुविधा होनी चाहिए। अर्थिंग की मदद से लीकेज करंट को सुरक्षित तरीके से जमीन तक पहुंचाने में मदद मिलती है, जिससे बिजली का झटका लगने का खतरा कम होता है।

हीट रेसिस्टेंट और मजबूत बॉडी: एक्सटेंशन बोर्ड की बॉडी अच्छी क्वालिटी के हीट रेसिस्टेंट और फ्लेम रिटार्डेंट मटेरियल से बनी होनी चाहिए। इससे गर्मी के कारण बोर्ड के पिघलने या आग पकड़ने का खतरा कम हो सकता है। साथ ही प्लग और केबल के जोड़ मजबूत होने चाहिए, ताकि बार-बार इस्तेमाल करने पर तार ढीले न पड़ें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article