एक्सप्लेनर्स

न सबसे बड़ी पार्टी होना काफी, न जीत का दावा… न्यूजीलैंड में सरकार बनाने का असली नियम क्या है?

न्यूजीलैंड में हुए चुनावों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। अंतिम परिणामों और सरकार गठन के लिए अब गठबंधन की जोड़-तोड़ और 27 नवंबर तक आने वाले विशेष मतों का इंतजार है।

Image

न्यूजीलैंड में चुनावी नतीजों ने उलझाया सत्ता का गणित (फोटो- AP)

न्यूजीलैंड में चुनाव के नतीजे आ चुके हैं, लेकिन सत्ता की तस्वीर अब भी साफ नहीं है। शुरुआती नतीजों ने ऐसा सियासी पेच पैदा कर दिया है, जहां सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी के सामने भी सरकार बनाने की चुनौती है। दिलचस्प बात यह है कि नेशनल पार्टी को लेबर पार्टी के मुकाबले 3,650 वोट कम मिले हैं, लेकिन सीटों के मामले में वह उससे आगे है। वहीं, निवर्तमान प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का दावा है कि उनके पास अगली सरकार बनाने का रास्ता मौजूद है, जबकि विपक्षी नेता क्रिस हिपकिंस ने भी अभी हार स्वीकार नहीं की है। ऐसे में न्यूजीलैंड की सत्ता का फैसला अब सिर्फ चुनावी नतीजों से नहीं, बल्कि गठबंधन की जोड़-तोड़ और विशेष मतों की गिनती से तय होगा। अंतिम नतीजे 27 नवंबर तक आने हैं और तब तक राजनीतिक दलों के बीच बातचीत का दौर जारी रह सकता है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक बड़ा सवाल है- जब किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला हो, तब देश की सरकार कैसे चलती है? क्या चुनाव के बाद भी मौजूदा प्रधानमंत्री और उनका मंत्रिमंडल सत्ता में बने रहते हैं? कार्यवाहक सरकार पर कौन-सी पाबंदियां होती हैं और नई सरकार बनाने में गवर्नर जनरल की क्या भूमिका होती है? समझते हैं न्यूजीलैंड के चुनावी गणित, गठबंधन की संभावनाओं और सरकार गठन की संवैधानिक प्रक्रिया को।

न्यूजीलैंड में अनिश्चितता के बादल

न्यूजीलैंड के चुनाव के प्रारंभिक नतीजों से काफी अनिश्चितता पैदा हुई है, जिससे कई मतदाता निराश महसूस कर सकते हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस अनिश्चितता के दौर में राजनीतिक दलों और सरकार के कामकाज की प्रक्रिया के लिए दिशानिर्देश तय हैं। अंतिम नतीजे, जिनमें बड़ी संख्या में विशेष मत भी शामिल होंगे, 27 नवंबर तक घोषित नहीं होंगे। इसके बाद किसी व्यवहार्य गठबंधन समझौते पर पहुंचने के लिए राजनीतिक दलों के बीच कई सप्ताह तक बातचीत चलेगी। अब इस दौरान कार्यवाहक सरकार से जुड़े नियमों और ’कैबिनेट मैनुअल’ के दिशानिर्देशों की भूमिका अहम हो जाती है। ’कैबिनेट मैनुअल’ को ’केंद्र सरकार के निर्णय लेने की प्रक्रिया का आधिकारिक मार्गदर्शक’ माना जाता है। आज की स्थिति में न तो वामपंथी और न ही दक्षिणपंथी खेमा कोई समझौता करने को तैयार है। विपक्षी नेता और लेबर पार्टी के क्रिस हिपकिंस ने चुनाव में हार स्वीकार नहीं की। हालांकि, वह जीत का दावा करने की स्थिति में भी नहीं थे। निवर्तमान प्रधानमंत्री और नेशनल पार्टी के क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा, ’’नेशनल पार्टी एक बार फिर संसद में सबसे बड़ी पार्टी है और हमारे पास अगली सरकार बनाने का रास्ता है।’’

क्यों पैदा हुई यह समस्या?

व्यापक स्तर पर मतों के बंटवारे के कारण संसद में सीटों की संख्या में असंतुलन पैदा हुआ है। इसके चलते नेशनल पार्टी को लेबर पार्टी की तुलना में 3,650 वोट कम मिले हैं, लेकिन प्रारंभिक नतीजों में नेशनल पार्टी के पास 42 सीट हैं, जबकि लेबर पार्टी को 36 सीट मिली हैं। यह स्पष्ट रूप से उस आनुपातिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है, जिसके लिए मिश्रित सदस्य आनुपातिक प्रणाली (एमएमपी) बनाई गई है।’’

हालांकि, सबसे अधिक सीट जीतने वाले दल का ही अगली सरकार बनाना जरूरी नहीं है। ऐसा 2017 में भी देखने को मिला था, जब जैसिंडा अर्डर्न की लेबर पार्टी ने ’न्यूजीलैंड फर्स्ट’ के समर्थन से सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत हासिल कर लिया था। प्रारंभिक नतीजों के अनुसार, लक्सन के तीन दलों के गठबंधन (नेशनल, एसीटी और न्यूजीलैंड फर्स्ट) को 131 में से 67 सीट मिली हैं, जिससे उसे मामूली बहुमत हासिल हुआ। हालांकि, विशेष मतों की गिनती के बाद यह संख्या घट सकती है। ऐसे में हिपकिंस के पास अब भी चार दलों (लेबर, ग्रीन, ते पाती माओरी और ऑपर्च्युनिटी) के गठबंधन का नेतृत्व करने का मौका है। दोनों पक्षों का मूल उद्देश्य प्रतिनिधि सभा में बहुमत का आंकड़ा हासिल करना है।

कार्यवाहक सरकार की परंपरा और नियम

फिलहाल सवाल यह है कि उस गठबंधन का नेतृत्व कौन करेगा और उसमें कौन-कौन से दल शामिल होंगे। कोई सरकार तभी तक सत्ता में रहती है, जब तक उसे सदन का विश्वास प्राप्त होता है। र्यवाहक सरकार की परंपरा के तहत निवर्तमान प्रधानमंत्री लक्सन और उनके मंत्रिमंडल के मंत्री अपने पदों पर बने रहते हैं। यह कहना सही नहीं है कि ’सरकार नहीं है’। गवर्नर जनरल के पास हमेशा जिम्मेदार सलाहकार होने चाहिए और रोजमर्रा का प्रशासनिक कामकाज जारी रहना चाहिए।

इस अवधि के दौरान महत्वपूर्ण फैसलों को टाल दिया जायेगा या उन पर बहुत सावधानी से विचार किया जायेगा। हालांकि, यदि कोई राष्ट्रीय आपात स्थिति पैदा होती है, तो ऐसी स्थिति में कार्यवाहक सरकार आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई जरूर करेगी। गवर्नर जनरल न तो गठबंधन वार्ता में मार्गदर्शन करते हैं और न ही उसमें भाग लेते हैं। हालांकि, यह स्पष्ट हो जाने के बाद कि किन दलों को सदन का विश्वास प्राप्त है, वह नयी सरकार के मंत्रियों की नियुक्ति करते हैं।

क्या फिर से होगा चुनाव?

नये सिरे से चुनाव कराने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। अब यह राजनीतिक दलों पर निर्भर है कि वे बहुमत जुटाएं। कोई भी दल देश को दोबारा चुनाव में धकेलने के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहेगा। यदि अंतिम नतीजों के कारण लक्सन के मौजूदा गठबंधन के पास बहुमत नहीं रहता है, तो ज्यादातर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऑपर्च्युनिटी पार्टी की इसमें भूमिका हो सकती है। हालांकि, ऑपर्च्युनिटी पार्टी की नीतियां वामपंथी खेमे के तीनों दलों से अधिक मेल खाती हैं।

न्यूजीलैंड का चुनाव यह दिखाता है कि लोकतंत्र में सरकार बनाने का फैसला हमेशा सिर्फ सबसे ज्यादा सीटें जीतने से नहीं होता। कई बार कुछ हजार वोट, एक-दो सीटों का अंतर और छोटे दलों का समर्थन पूरे सत्ता समीकरण को बदल सकता है। ऐसे में सबकी नजर 27 नवंबर को आने वाले अंतिम नतीजों पर है। तब तक मौजूदा सरकार कार्यवाहक भूमिका में काम करती रहेगी और राजनीतिक दल बहुमत का रास्ता तलाशेंगे। यानी न्यूजीलैंड में चुनावी मुकाबला भले खत्म हो गया हो, लेकिन सत्ता की असली लड़ाई अभी बाकी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article