Enable Earthquake Alert: दिल्ली-एनसीआर समेत भारत के कई इलाकों में हाल ही में बार-बार भूकंप महसूस किए गए हैं। यदि आप भी ऐसे ही इलाकों में रहते हैं और आपके पास Android फोन है तो भुकंप आने से पहले ही भुकंप का अलर्ट प्राप्त कर सकते हैं। Google और Samsung ने ऐसा अलर्ट सिस्टम तैयार किया है जो खतरे से पहले अलर्ट भेजकर जान बचा सकता है। इस सुविधा को आप सिर्फ 2 मिनट में ऑन कर सकते हैं।
Google का भूकंप अलर्ट सिस्टम कैसे करता है काम?
Google ने 2021 में Earthquake Alerts System लॉन्च किया था, जो Android फोन की मदद से P-वेव्स (भूकंप की शुरुआती तरंगें) को पकड़कर गूगल सर्वर को सिग्नल भेजता है। हजारों डिवाइस से मिले डेटा से गूगल भूकंप की पुष्टि करता है और उस हिसाब से चेतावनी जारी करता है। अगर तीव्रता 4.5 या उससे ज्यादा हो तो दो तरह की चेतावनी दी जाती है-हल्का कंपन होने पर 'Be Aware' और तेज झटके की स्थिति में 'Take Action', जो फुल स्क्रीन और टोन के साथ आता है।
Android यूजर्स ऐसे करें अलर्ट फीचर ऑन
इस सुविधा को एक्टिवेट करने के लिए आपको फोन की Settings में जाकर “Safety and emergency” और फिर “Earthquake alerts” विकल्प को ऑन करना होगा। अलर्ट डेमो देखने के लिए “See a demo” पर टैप करें। अगर आप नहीं चाहते कि आपका फोन डेटा भेजे, तो “Improve Location Accuracy” को डिसेबल कर सकते हैं। यह अलर्ट 10 से 60 सेकंड पहले भेजा जाता है, जो सुरक्षा का अहम मौका दे सकता है।
Samsung ने भी लॉन्च किया अपना नया अलर्ट सिस्टम
Samsung ने जून 2025 में One UI 8 अपडेट के साथ अपना Earthquake Alert System पेश किया है। यह सिस्टम न सिर्फ अलर्ट देता है बल्कि पुराने अलर्ट की हिस्ट्री, दिन और रात के अनुसार संवेदनशीलता सेटिंग, और मेडिकल/शेल्टर जानकारी लॉक स्क्रीन पर दिखाता है। यूजर्स इसे पूरी तरह से कस्टमाइज भी कर सकते हैं।
अब तक कितनी बार भेजे गए अलर्ट?
गूगल का Android Earthquake Alerts System अब तक दुनिया भर में 2,000 से ज्यादा भूकंप पहचान चुका है और 79 करोड़ से ज्यादा चेतावनियां भेज चुका है। अमेरिका के सभी 50 राज्यों और 6 क्षेत्रों में यह पूरी तरह एक्टिव है। भारत में भी इसका विस्तार लगातार हो रहा है। ऐसे में इस तकनीक से करोड़ों लोगों की जान बचाई जा सकती है, बशर्ते वे इस सेटिंग को एक्टिव रखें।
