गर्मियों के सीजन में अगर कहीं घूमने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। दरअसर जब भी हम कहीं जा रहे होते हैं तो हमें नहीं मालूम होता है कि उस जगह के हालात कैसे हैं, मौसम कैसा है आदि। अगर आपको नई जगह जाने से पहले वहां से जुड़े क्राइसिस अलर्ट मिल जाएं तो काफी सहूलियत मिल जाएगी। इससे आप खतरनाक स्थितियों से बच सकते हैं। इन सब में आपकी मदद करेगा Google Map का खास फीचर।
आपको बता दें कि गूगल अपने करोड़ों यूजर्स की सहूलियत के लिए मैप में एक अलर्ट फीचर देता है। इससे आपको किसी जगह पर बाढ़, जंगल की आग, भूकंप,या तूफान समेत दूसरी आपातकालीन स्थितियों की जानकारी ले सकते हैं। इससे यात्रा करने वाले यह समझ सकते हैं कि उन्हें रास्ते में आगे बढ़ना चाहिए या नहीं। गूगल मैप का यह फीचर खासकर तब बहुत ही अधिक काम आता है जब मौसम खराब हो या फिर कोई प्राकृतिक आपदा हो जिनसे हालात तेजी से बदलते हैं।
पहले से चुने सुरक्षित रास्ता
प्राकृतिक आपदाएं कभी भी यात्रा में परेशानी पैदा कर सकती हैं। बाढ़, जंगल में लगी आग, भूकंप से हुए नुकसान या तेज तूफान के कारण रास्ते खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे समय में Google Maps आपकी मदद करता है। यह मैप पर ही आपदा से जुड़ी जरूरी जानकारी दिखाता है, जिससे आप पहले से संभावित खतरों को जानकर सुरक्षित रास्ता चुन सकते हैं।
आसानी से मिलेगी संकट से जुड़ी जानकारी
Google Map की तरफ से दिए जाने वाले इन अलर्ट में स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों से मिली जानकारी शामिल होती है। यूजर्स को घटना से जुड़े आपातकालीन फोन नंबर, आधिकारिक वेबसाइटें, अपडेट और समाचार भी मिलते हैं। Google के आधिकारिक सपोर्ट पेज के अनुसार, संकट से जुड़े अलर्ट आपके मैप पर तब दिखाई देते हैं, जब आप ऐसा नेविगेशन रूट चुनते हैं जो संकट से प्रभावित इलाके से होकर गुजरता है।
- यात्रा से पहले Google Maps पर संकट से जुड़े अलर्ट कैसे देखें
- यात्रा से पहले Google Maps खोलें और उस इलाके या डेस्टिनेशन को खोजें जहाँ आप जा रहे हैं।
- मैप व्यू पर संकट से जुड़ा अलर्ट देखें। अगर उस इलाके में कोई एक्टिव क्राइसिस है, तो एक अलर्ट कार्ड दिखाई देगा।
- ज्यादा जानकारी के लिए अलर्ट कार्ड पर टैप करें।
- संकट के आइकन या अलर्ट कार्ड पर टैप करने से पूरी शीट खुलती है, जिसमें सुरक्षा अपडेट, न्यूज, आपातकालीन फ़ोन नंबर और आधिकारिक वेबसाइटें शामिल हो सकती हैं।
- अगर आपका रास्ता प्रभावित इलाके से होकर गुजरता है, तो अपना रास्ता बदल लें।
