Google Restricting Gemini AI Chatbot: लोक सभा चुनाव से पहले गूगल ने बड़ा फैसला लिया है। गूगल ने अपने एआई चैटबॉट टूल जेमिनी को चुनाव संबंधित सवालों के जवाब देने से रोक दिया है। गूगल नए बदलावों को भारत और अन्य देशों में आगामी आम चुनावों को ध्यान में रखकर कर रहा है। दरअसल, गूगल एआई टूल के गलत इस्तेमाल से बचने के लिए यह कदम उठा रहा है। बता दें कि पिछले महीने जेमिनी कई विवादों में फंस गया था। जिसके बाद गूगल को जेमिनी फोटो जनरेटिव टूल को रोकना पड़ा था।
गूगल ने अपनी घोषणा में क्या कहा?
गूगल ने अपने एक ब्लॉग पोस्ट में नई घोषणा की जानकारी दी है। गूगल ने कहा, "एक महत्वपूर्ण विषय पर अत्यधिक सावधानी बरतते हुए, हमने चुनाव-संबंधित प्रश्नों के प्रकारों पर प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया है, जिसके लिए जेमिनी रिस्पॉन्स नहीं देगा। हम इस प्रकार के प्रश्नों के लिए हाई क्वालिटी वाली जानकारी प्रदान करने की अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हैं, और अपनी सुरक्षा में सुधार के लिए लगातार काम कर रहे हैं।"
भारत और अन्य देशों में हैं चुनाव
गौरतलब है कि भारत में लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा जल्द ही होने की संभावना है। आम चुनाव अप्रैल या मई में हो सकते हैं। हालांकि, भारत और दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त राज्य अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम जैसे अन्य देशों में चुनाव होने हैं। आगामी चुनावों पर एआई का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में गूगल ने पहले से ही अपनी तैयारी तेज कर दी है।
पहले ही विवादों में है जेमिनी
हाल ही में गूगल के जेमिनी को भारत सरकार के गुस्से का सामना करना पड़ा था जब चैटबॉट ने मोदी सरकार की नीतियों के बारे में विवादास्पद प्रतिक्रिया दी थी। इसके अलावा रंग के आधार पर गलत फोटो बनाने को लेकर भी गूगल को ट्रोल किया गया था।
