टेक एंड गैजेट्स

Google NotebookLM में आया नया AI फीचर, एक क्लिक में बन जाएगा 1 मिनट का वीडियो

Google NotebookLM में Short Video Overviews फीचर आया है, जो लंबे डॉक्यूमेंट, नोट्स और रिसर्च फाइलों को AI की मदद से 60 सेकंड के वीडियो में बदल सकता है। जानें इसकी खासियतें।

Image

Google NotebookLM एक क्लिक में बनाएगा वीडियो

NotebookLM तो आप में से कई लोग इस्तेमाल करते होंगे। अब गूगल ने अपने AI आधारित रिसर्च असिस्टेंट NotebookLM के लिए एक नया और काम का फीचर Short Video Overviews लॉन्च करने की घोषणा की है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने लंबे डॉक्यूमेंट, रिसर्च नोट्स और प्रेजेंटेशन को महज एक मिनट के AI-जनरेटेड वीडियो में बदल सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह फीचर जानकारी को तेज और आसान तरीके से समझने में मदद करेगा।

1 मिनट में मिलेगा पूरे डॉक्यूमेंट का सार

Short Video Overviews फीचर का उद्देश्य उन यूजर्स के लिए है जो लंबे एक्सप्लेनेशन वीडियो देखने के बजाय कम समय में किसी डॉक्यूमेंट के मुख्य बिंदुओं को समझना चाहते हैं। यह फीचर अपलोड किए गए दस्तावेज़ों का विश्लेषण करके लगभग 60 सेकंड का नैरेशन और शैक्षणिक एनिमेशन वाला वीडियो तैयार करता है। गूगल के अनुसार, यह फीचर खासतौर पर नोट्स, रिसर्च सामग्री, प्रेजेंटेशन और बड़े दस्तावेज़ों का जल्दी रिवीजन करने वाले छात्रों, प्रोफेशनल्स और रिसर्चर्स के लिए उपयोगी साबित होगा।

Nano Banana 2 Lite मॉडल से मिलेगा दमदार अनुभव

Short Video Overviews फीचर को गूगल के Nano Banana 2 Lite AI मॉडल से पावर दिया गया है। यह मॉडल पहले इमेज जनरेशन और एडिटिंग के लिए पेश किया गया था, लेकिन अब इसकी मदद से हाई क्वालिटी वाले छोटे AI वीडियो भी तैयार किए जा सकते हैं। कंपनी का दावा है कि इसमें Cinematic Video Overviews जैसी विजुअल क्वालिटी देखने को मिलेगी।

वीडियो बनाने से पहले मिलेगा कस्टमाइजेशन का विकल्प

NotebookLM में वीडियो तैयार करते समय यूजर्स सबसे पहले Short आउटपुट फॉर्मेट चुन सकेंगे। इसके बाद वे उन डॉक्यूमेंट्स या सोर्सेज का चयन करेंगे, जिनका सार वीडियो में चाहिए। इतना ही नहीं, यूजर्स वीडियो का फोकस भी अपनी जरूरत के मुताबिक तय कर सकते हैं। इसके लिए वे गूगल द्वारा सुझाए गए टॉपिक चुन सकते हैं या फिर अपना खुद का कस्टम प्रॉम्प्ट लिख सकते हैं, जिससे AI उसी विषय पर वीडियो तैयार करेगा।

कई वीडियो फॉर्मेट होंगे उपलब्ध

गूगल द्वारा शेयर किए गए इंटरफेस के अनुसार, NotebookLM में यूजर्स को Short, Explainer और Cinematic जैसे अलग-अलग वीडियो फॉर्मेट चुनने का विकल्प मिलेगा। साथ ही, वे यह भी तय कर सकेंगे कि किन-किन सोर्सेज का इस्तेमाल किया जाए और वीडियो का मुख्य विषय क्या हो।

कब मिलेगा नया फीचर?

गूगल ने बताया है कि Short Video Overviews फीचर अगले कुछ हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जाएगा। शुरुआत में यह सुविधा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के अंग्रेजी भाषा का उपयोग करने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी। यह फीचर NotebookLM के वेब, एंड्रॉयड और iOS वर्जन पर उपभोक्ताओं और Google Workspace यूजर्स, दोनों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article