अध्यात्म

रामा और श्यामा तुलसी, कौन सी है ज्यादा शुभ; किसकी करनी चाहिए पूजा और क्या हो दोनों में अंतर

Rama vs Shyama Tulsi : रामा या श्यामा तुलसी में कौन सी घर पर लगानी चाहिए। अगर आप भी इसमें कंफ्यूज रहते हैं तो आइए इसका जबाव जानते हैं।

Image

रामा और श्यामा तुलसी में क्या है अंतर

Rama vs Shyama Tulsi : हिंदू धर्म में तुलसी को बेहद पवित्र माना गया है। भगवान विष्णु और उनके अवतारों श्रीराम और श्रीकृष्ण की पूजा में तुलसी दल चढ़ाना जरूरी होता है। घरों में मुख्य रूप से दो तरह की तुलसी लगाई जाती हैं। पहली रामा तुलसी, जिसके पत्ते हरे रंग के होते हैं और दूसरी श्यामा तुलसी, जिसके पत्तों और तने पर बैंगनी या गहरे लाल रंग की झलक दिखाई देती है। दोनों के रंग, बनावट, स्वाद और सुगंध में अंतर होता है। अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि घर में रामा तुलसी लगानी चाहिए या श्यामा तुलसी? क्या इनमें से कोई एक अधिक शुभ है और दूसरी को घर में लगाने से बचना चाहिए?

धार्मिक ग्रंथों में दोनों तरह की तुलसी को पवित्र माना गया है। स्कंद पुराण में भगवान विष्णु ने तुलसी के अलग-अलग रंगों को अपनी प्रिय बताया है। वहीं, आयुर्वेद के ग्रंथ भावप्रकाश निघंटु में श्वेत और कृष्ण तुलसी के गुणों को समान बताया गया है। आइए जानते हैं रामा और श्यामा तुलसी का अंतर, इनके गुण और घर में लगाने से जुड़े नियम क्या है।

रामा और श्यामा तुलसी में क्या अंतर है?

रामा तुलसी को श्री तुलसी या गौरी तुलसी भी कहा जाता है। इसकी पत्तियां सामान्यतः हरे रंग की होती हैं और तना भी हरा दिखाई देता है। इसकी पत्तियों से हल्की सुगंध आती है और स्वाद अपेक्षाकृत सौम्य होता है। घरों में पूजा-पाठ के लिए इस तुलसी को काफी लगाया जाता है। श्यामा तुलसी को कृष्ण तुलसी भी कहा जाता है। इसकी पत्तियों में गहरे हरे, बैंगनी या लाल रंग की झलक दिखाई देती है। इसके तने पर भी बैंगनी रंग नजर आ सकता है। इसकी सुगंध और स्वाद रामा तुलसी की तुलना में अधिक तीखा हो सकता है। भगवान श्रीकृष्ण जैसे सांवले स्वरूप के कारण इस तुलसी को कृष्ण तुलसी कहा जाता है।

इन दोनों के अलावा वन तुलसी भी होती है। यह रामा या श्यामा तुलसी की तरह नहीं होती है। तुलसी की अलग-अलग किस्मों की पहचान उनके पत्तों, तने, सुगंध और वनस्पति विशेषताओं से की जाती है।

क्या कहता है स्कंद पुराण

रामा और श्यामा तुलसी में कौन अधिक शुभ है, इसका जवाब स्कंद पुराण के वैष्णव खंड में मिलता है। मार्गशीर्ष माहात्म्य के आठवें अध्याय में भगवान विष्णु तुलसी की महिमा बताते हुए कहते हैं कि तुलसी काली हो या काली न हो, दोनों ही उन्हें प्रिय हैं। इसी अध्याय के श्लोक 19 में काली और सफेद तुलसी से भगवान की पूजा करने का महत्व बताया गया है।

स्कंद पुराण के इसी अध्याय के श्लोक 17 में कृष्ण तुलसी से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने का फल बताया गया है। इसमें कहा गया है कि जो भक्त कृष्ण तुलसी से श्रद्धापूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करता है, उसे भगवान विष्णु के धाम की प्राप्ति होती है। इस तरह स्कंद पुराण के अनुसार रामा और श्यामा दोनों तुलसी भगवान विष्णु को प्रिय हैं। श्यामा तुलसी से श्रीकृष्ण की पूजा भी की जा सकती है।

पद्म पुराण में भी है जिक्र

पद्म पुराण के उत्तर खंड के 105वें अध्याय में तुलसी के पौधे को लगाने, उसकी देखभाल करने, पानी देने और पूजा करने का महत्व बताया गया है। इस अध्याय के 12वें श्लोक में तुलसी का रोपण, पालन-पोषण, सिंचाई, दर्शन और स्पर्श को पुण्यदायी बताया गया है।

इसका मतलब है कि तुलसी को घर में लगाकर उसकी नियमित देखभाल करना भी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। केवल पौधा लगाना ही नहीं, बल्कि उसे स्वस्थ रखना और श्रद्धा से उसकी पूजा करना भी जरूरी है।

क्या कहता है आयुर्वेद

रामा और श्यामा तुलसी के औषधीय गुणों की बात करें तो आयुर्वेद के ग्रंथ भावप्रकाश निघंटु में शुक्ला और कृष्णा तुलसी का वर्णन किया गया है। इस ग्रंथ में दोनों के गुण समान बताए गए हैं। भावप्रकाश निघंटु में तुलसी का रस कटु यानी तीखा और तिक्त यानी कड़वा बताया गया है। इसकी प्रकृति उष्ण यानी गर्म और गुण रूक्ष बताया गया है। आयुर्वेद के अनुसार तुलसी कफ और वात को शांत करने में उपयोगी मानी जाती है। इसे पाचन अग्नि को सक्रिय करने वाला भी बताया गया है। पारंपरिक आयुर्वेद में तुलसी का उपयोग सर्दी-जुकाम, कफ और कुछ त्वचा संबंधी समस्याओं में किया जाता रहा है।

आधुनिक शोध में रामा और श्यामा तुलसी के रासायनिक घटकों और सुगंधित तेलों में अंतर पाया गया है। हालांकि किसी बीमारी के इलाज के लिए तुलसी का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

रामा या श्यामा, घर में कौन-सी तुलसी लगाना है शुभ?

घर में रामा और श्यामा दोनों तुलसी लगाना शुभ माना जाता है। अगर आपके घर में पर्याप्त जगह है तो दोनों पौधे लगा सकते हैं। जगह कम होने पर अपनी पसंद और सुविधा के अनुसार किसी एक को भी लगा सकते हैं। शास्त्रों में ऐसा कोई नियम नहीं है कि हर घर में केवल रामा तुलसी ही लगानी चाहिए या श्यामा तुलसी लगाने से अशुभ परिणाम मिलते हैं। रामा तुलसी से भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। श्यामा या कृष्ण तुलसी से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है। हालांकि, दोनों ही तुलसी भगवान विष्णु को प्रिय हैं।

तुलसी के पौधे को घर में लगाने और पूजा करने के नियम

घर में तुलसी का पौधा ऐसी जगह लगाएं जहां उसे पर्याप्त धूप और हवा मिल सके। वास्तु के अनुसार उत्तर, पूर्व और उत्तर-पूर्व दिशा को तुलसी के पौधे के लिए अच्छा माना जाता है। पौधे के आसपास साफ-सफाई रखें और वहां जूते-चप्पल, कूड़ेदान या गंदगी न रखें। गमले में पानी जमा न होने दें, क्योंकि इससे जड़ें खराब हो सकती हैं। तुलसी को नियमित रूप से पानी दें और सूखी पत्तियों तथा खराब शाखाओं को साफ करते रहें। तुलसी के सामने सुबह या शाम दीपक जलाकर पूजा कर सकते हैं। जल अर्पित करें और भगवान विष्णु या श्रीकृष्ण का ध्यान करें।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article