सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X Corp. में बुधवार को तकनीकी खराबी देखने को मिली। हजारों यूजर्स ने प्लेटफॉर्म पर फीड लोड न होने, टाइमलाइन रिफ्रेश करने और लॉगिन एक्सेस में दिक्कत की शिकायत की।
रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 8:22 बजे के आसपास आउटेज की शिकायतें तेजी से बढ़ीं। Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 40% यूजर्स ने ऐप से जुड़ी समस्या बताई, जबकि 29% लोगों ने फीड और टाइमलाइन लोडिंग की परेशानी और 18% यूजर्स ने वेबसाइट से जुड़ी दिक्कत की शिकायत की।
मोबाइल एप और वेबसाइट दोनों हुए प्रभावित
आउटेज के दौरान कई यूजर्स ने बताया कि X ऐप में कंटेंट लोड नहीं हो रहा था और फीड अपडेट करने में समस्या आ रही थी। कुछ लोगों ने वेबसाइट वर्जन में भी परेशानी की शिकायत की। कुछ यूजर्स ने इस दौरान पोस्ट करके समस्या के बारे में जानकारी दी। एक यूजर ने लिखा कि X सर्च में भी परेशानी आ रही है और एरर दिखाई दे रहा है, जबकि कई अन्य यूजर्स ने पूछा कि क्या X डाउन है।
कुछ ही समय में सेवा हुई बहाल
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 30 से 40 मिनट के बाद X की सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगीं। हालांकि, इस तकनीकी समस्या को लेकर कंपनी की ओर से रिपोर्टिंग के समय तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
हाल के महीनों में कई बार आई तकनीकी समस्या
यह पहली बार नहीं है जब X को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा है। 2025 की शुरुआत से प्लेटफॉर्म पर कई बार तकनीकी रुकावटें सामने आई हैं, जिनमें जनवरी और फरवरी के आउटेज भी शामिल हैं। इन घटनाओं से दुनियाभर के बड़ी संख्या में यूजर्स प्रभावित हुए थे। पिछले आउटेज के दौरान सर्वर समस्या या साइबर हमले जैसी संभावनाओं पर चर्चा हुई थी, लेकिन नई रुकावट का कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।
