देश

'मेरा फोन टैप कराते हैं PM मोदी', राहुल गांधी का गंभीर आरोप, बोले-सब मेरे Phone में है, डिबेट की दी चुनौती, Video

राहुल गांधी ने कहा कि फोन टैपिंग के सारे सबूत उनके फोन में हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम जिसे चाहे जज बन सकते हैं। वह संसद में मेरा माइक बंद करा देते हैं। वहीं, राहुल के इन आरोपों पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने प्रतिक्रिया दी। बघेल ने कहा कि राहुल के सभी आरोप तथ्यहीन हैं।

Image

राहुल गांधी ने अपना फोन टैप कराने का लगाया आरोप।

Photo : PTI

Rahul Gandhi News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपना फोन टैप कराने का गंभीर आरोप लगाया है। अपने एक वीडियो में राहुल ने कहा कि कौन देश विरोधी है और किसके पीछे विदेशी हाथ है, यह सब आमने-सामने की बहस में साफ हो जाएगा। राहुल ने कहा कि फोन टैपिंग के सारे सबूत उनके फोन में हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम जिसे चाहे जज बन सकते हैं। वह संसद में मेरा माइक बंद करा देते हैं। वहीं, राहुल के इन आरोपों पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने प्रतिक्रिया दी। बघेल ने कहा कि राहुल के सभी आरोप तथ्यहीन हैं।

पीएम मोदी को दी डिबेट की चुनौती

इससे पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को एक बार फिर से डिबेट की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि पीएम, हमारे साथ आमने-सामने बैठकर डिबेट करें। इस दौरान राहुल गांधी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संसद में उन्हें बोलने से रोका जाते रहा है।

मुझे संसद में बोलने नहीं दिया जाता-राहुल

इंस्टाग्राम पर आयोजित 'आस्क मी' सेशन के दौरान एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने बताया कि 'जब BJP ने कहा कि इस मुद्दे पर संसद में चर्चा हो सकती है, तो वह सार्वजनिक बहस पर जोर क्यों दे रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें लोकसभा में बोलने नहीं दिया जाता और उनका माइक बंद कर दिया जाता है।' उन्होंने कहा, 'आपने मुझे कृषि कानूनों, वोट चोरी, SIR, चीन, (जनरल) नरवणे की किताब और एपस्टीन के मुद्दे पर बोलने नहीं दिया। मैं आमने-सामने की बहस चाहता हूं। मैं ऐसी बहस नहीं चाहता जिसमें लंबे-लंबे भाषण दिए जाएं।'

'मैं चाहता हूं पीएम मुझ पर आरोप लगाएं'

राहुल गांधी ने कहा कि वह सीधा संवाद चाहते हैं, जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे पर आरोप लगा सकें, न कि लंबे भाषण दें। उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि नरेंद्र मोदी मुझ पर आरोप लगाएं और मैं उन पर आरोप लगाऊं। वह आ सकते हैं। एक मेज होगी, जिसके एक तरफ नरेंद्र मोदी जी होंगे और दूसरी तरफ मैं।' उन्होंने यह भी कहा कि अगर अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी या RSS प्रमुख मोहन भागवत को इस बहस का जज बनाया जाता है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

बहस के बाद कुर्सी पर नहीं रह पाएंगे पीएम-राहुल

राहुल गांधी ने दावा किया, 'लेकिन मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे।' राहुल गांधी इससे पहले भी कई बार प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती दे चुके हैं। इससे पहले उन्होंने दावा किया था कि उन्हें सिर्फ पांच मिनट मिल जाएं तो वह साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री एक 'गद्दार' हैं। वहीं, BJP नेताओं ने राहुल गांधी की इस चुनौती को खारिज करते हुए उन पर संसद में बहस से बचने का आरोप लगाया है।

‘घटिया राजनीति’ कर रहे राहुल-केपी मौर्य

इन आरोपों पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल पर हमला बोला। भाजपा नेता ने कहा कि 'राहुल गांधी अपने जीवन की सबसे निचले स्तर की ‘घटिया राजनीति’ कर रहे हैं। उनका यह स्तर नहीं कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी उनसे बहस करें। आरोप लगाना और भाग खड़ा होना उनकी पुरानी फितरत है। फोन टैपिंग का आरोप भी उनकी हल्ला बोल राजनीति का हिस्सा है।'

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article