BSNL 4G: सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल जल्द अपना 4G नेटवर्क रोलआउट कर सकती है। इसके लिए केंद्र सरकार ने बीएसएनएल को और मदद देने की तैयारी कर ली है। सरकार ने बीएसएनएल को 4G सर्विस शुरू करने में देरी के लिए 6,000 करोड़ रुपये से अधिक आवंटित करने की योजना बनाई है। इस फंडिंग से 4G नेटवर्क गियर के लिए पूंजीगत व्यय में कमी को पूरा किया जाएगा।
जानें देशभर में कब शुरू होगा BSNL 4G
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार को उम्मीद है कि 100,000 साइटों पर देशभर में BSNL 4G रोलआउट 2025 के मध्य तक पूरा हो जाएगा, जो कि तय समय से 7 से 8 महीने लेट हो सकता है। इसके रोलआउट के लिए पहले इसी साल दिवाली का समय बताया गया था।
4G गियर के लिए मिल सकती है केंद्र की मदद
मामले से परिचित अधिकारियों ने बताया कि दूरसंचार विभाग (DoT) 4G गियर के लिए पूंजीगत व्यय में कमी को पूरा करने के लिए इस पूंजी निवेश की योजना बना रहा है, जिसका रोलआउट स्थानीय स्तर पर विकसित स्टैक के माध्यम से किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि DoT जल्द ही इसकी मंजूरी के लिए कैबिनेट से संपर्क करेगा।
3.22 लाख करोड़ रुपये का निवेश
अब तक सरकार ने बीएसएनएल और MTNL में 2019 से तीन रिवाइवल पैकेज के तहत अब तक लगभग 3.22 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिसमें 4 जी सर्विस की शुरुआत भी शामिल है। सरकार के अनुसार, इन पैकेजों की मदद से बीएसएनएल-एमटीएनएल ने वित्त वर्ष 21 से परिचालन लाभ कमाना भी शुरू कर दिया है।
