भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पहले दिन मेंस सिंगल्स में बड़ा उलटफेर करते हुए चीन के विश्व नंबर-एक शी यू की के खिलाफ यादगार जीत दर्ज की जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने महिला एकल में आसान जीत के साथ अगले दौर में जगह बना ली। नौवीं वरीयता प्राप्त भारतीय स्टार ने सोफिया की चुनौती से आसानी से पार पाते हुए 21-7, 21-11 से जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। पांच बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सिंधू ने महज 29 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया, वहीं 21 वर्षीय शेट्टी ने 21-14, 13-21, 21-19 से जीत दर्ज कर पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने महिला युगल में स्पेन की पाउला लोपेज और लुसिया रोड्रिगेज पर 21-9, 21-13 से आसान जीत के साथ अभियान शुरू किया। भारतीय जोड़ी के सामने अगले दौर में अमेरिका की 16वीं वरीय लॉरेम लैम और एलिसन क्विन्ह की चुनौती होगी।
टूर्नामेंट में भारत की ओर से पहला मुकाबला खेलने उतरे हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी ने भी दूसरे दौर में जगह बना ली।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- बाबर आजम के खेलने पर सस्पेंस, इंग्लैंड के खिलाफ नए कप्तान के नेतृत्व में उतर सकती है पाक टीम
भारतीय जोड़ी के खिलाफ पुरुष युगल के पहले दौर में स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स की जोड़ी ने 16-21, 4-6 से पिछड़ने के बाद मुकाबला छोड़ दिया।
हरिहरन और अर्जुन की टक्कर अब कोरिया की 15वीं वरीय मिन ह्युक कांग और डोंग जू की से होगी। कोरिया की जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी। पांचवीं वरीय स्टार भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को भी पहले दौर में बाई मिली है। वे दूसरे दौर में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल की जोड़ी से भिड़ेंगे।
