Manage Your Google Account Security: गूगल अकाउंट का इस्तेमाल केवल Gmail ही नहीं, Google Drive, Google Photos, YouTube, Contacts और कई दूसरी सेवाओं के लिए किया जाता है। ऐसे में अगर आपका Google Account किसी पुराने, दूसरे या अनजान डिवाइस में लॉग-इन है तो आपकी निजी जानकारी और अकाउंट की सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है।
गूगल अकाउंट कहां-कहां हो रहा इस्तेमाल
अच्छी बात यह है कि Google आपको यह देखने की सुविधा देता है कि आपका अकाउंट किन-किन डिवाइस में इस्तेमाल हो रहा है। आप अपने फोन से ही इसे चेक कर सकते हैं। अगर लिस्ट में कोई ऐसा डिवाइस दिखाई देता है जिसे आप पहचानते नहीं हैं, तो वहां से उसे साइन आउट किया जा सकता है।
Google Account किन डिवाइस में है लॉग-इन ऐसे करें चेक?
- अगर आप Android स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं तो Google Account में लॉग-इन डिवाइस देखने के लिए सबसे पहले अपने फोन में
Google App को ओपन करना होगा। - अब टॉप राइट साइड पर अपने प्रोफाइल आइकन या प्रोफाइल फोटो पर टैप करना होगा।
- अब Manage your Google Account पर टैप करना होगा।
- अगले पेज पर आपको Security and sign-in वाले ऑप्शन पर टैप करना होगा।
- नीचे स्क्रॉल करने पर Your Devices में उन डिवाइस को देख सकेंगे, जिनमें आपने साइन-इन कर रखा हो।
- यहां, विंडोज, एंड्रॉइड फोन की जानकारी देखी जा सकती है।
- अब Manage All Devices पर टैप कर सकते हैं, जहां डिवाइस और सेशन की जानकारी मिल जाएगी।
यहां डिवाइस का नाम, आखिरी बार कब इस्तेमाल किया गया और कई मामलों में लोकेशन जैसी जानकारी भी दिखाई जा सकती है। इससे आपको यह पहचानने में मदद मिलती है कि लिस्ट में दिख रहा डिवाइस आपका ही है या नहीं।
उदाहरण के लिए अगर आपने कुछ महीने पहले अपना पुराना स्मार्टफोन बदल दिया था और वह अभी भी Google Account की डिवाइस लिस्ट में दिखाई दे रहा है तो आप उस डिवाइस को चेक कर सकते हैं।
अनजान डिवाइस दिखे तो क्या करें?
अगर आपको डिवाइस की लिस्ट में कोई ऐसा फोन, लैपटॉप या दूसरा डिवाइस दिखाई देता है जिसे आप पहचानते नहीं हैं, तो उसे नजरअंदाज न करें। सबसे पहले उस डिवाइस पर टैप कर उसकी जानकारी देखें।
अगर आपको यकीन है कि वह आपका डिवाइस नहीं है, तो वहां Sign out का विकल्प चुन सकते हैं। इससे उस डिवाइस पर आपके Google Account का एक्सेस हटाया जा सकता है।
पुराने डिवाइस को भी जरूर चेक करें
कई बार लोग नया फोन खरीदने के बाद पुराने फोन को बेच देते हैं या किसी परिवार के सदस्य को दे देते हैं लेकिन उससे Google Account को साइन आउट करना भूल जाते हैं। ऐसी स्थिति में पुराने डिवाइस पर अकाउंट का एक्सेस बना रह सकता है।
इसलिए नया फोन लेने या पुराना स्मार्टफोन किसी दूसरे व्यक्ति को देने से पहले Google Account को डिवाइस से हटाना जरूरी है। इसी तरह किसी ऑफिस या दूसरे कंप्यूटर पर अपना Gmail इस्तेमाल करने के बाद भी यह सुनिश्चित कर लें कि आपने अकाउंट से साइन आउट किया है।
