टेक एंड गैजेट्स

क्या आपका iPhone है हैकर्स के निशाने पर? Apple की नई चेतावनी को भूलकर भी न करें नजरअंदाज

टेक कंपनी एप्पल ने अपने सैकड़ों यूजर्स को ‘Mercenary Spyware’ को लेकर थ्रेट अलर्ट भेजा है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 110 से ज्यादा देशों में संभावित रूप से टारगेटेड यूजर्स को ये अलर्ट भेजे गए।

Image

एप्पल ने Mercenary Spyware को लेकर भेजा थ्रेट अलर्ट (AI Generated Image)

Apple नेअपने सैकड़ों यूजर्स को ‘Mercenary Spyware’ को लेकर थ्रेट अलर्ट भेजा है। कंपनी के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को 110 से ज्यादा देशों में यूजर्स को ये अलर्ट भेजे गए। हालांकि, इस बार जारी किए गए नोटिफिकेशन में भारत शामिल है या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। Apple के अनुसार, अब तक 150 से ज्यादा देशों में उसके डिवाइस इस्तेमाल करने वाले लोगों को स्पाइवेयर थ्रेट नोटिफिकेशन मिल चुके हैं।

क्या है Mercenary Spyware?

दरअसल, Mercenary Spyware सामान्य मैलवेयर या साइबर क्रिमिनल एक्टिविटी से अलग होता है। ऐसे स्पाइवेयर का इस्तेमाल किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने और उसके डिवाइस से संवेदनशील जानकारी हासिल करने के लिए किया जा सकता है।

कंपनी का कहना है कि इस तरह के स्पाइवेयर अटैक पर लाखों डॉलर खर्च हो सकते हैं और इनकी सेल्फ लाइफ अक्सर कम होती है। यही वजह है कि इनका पता लगाना और इन्हें रोकना काफी मुश्किल होता है। हालांकि, ऐसे अटैक बहुत कम संख्या में लोगों को निशाना बनाते हैं। इनमें अक्सर पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, राजनेता और राजनयिक शामिल होते हैं। इसके बावजूद Mercenary Spyware हमले लगातार जारी हैं और दुनियाभर में किए जा रहे हैं।

Apple का कहना है कि ऐसे हमलों का निशाना बनने वाले यूजर्स को तुरंत अपने डिवाइस और डेटा की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।

iPhone की लॉक स्क्रीन पर अलर्ट

Apple संभावित पीड़ितों को सीधे उनके iPhone की लॉक स्क्रीन पर पुश नोटिफिकेशन के जरिए अलर्ट करता है। इसके अलावा यूजर्स को ईमेल के जरिए भी इसकी जानकारी मिल सकती है। Apple Account में लॉग इन करने पर भी कुछ यूजर्स को यह थ्रेट नोटिफिकेशन दिखाई दे सकता है।

Apple के मुताबिक, अलर्ट में यूजर को बताया जाता है कि कंपनी ने उसके iPhone को निशाना बनाकर किए गए Mercenary Spyware अटैक का पता लगाया है और डेटा व डिवाइस को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।

Apple का Spyware Alert मिले तो क्या करें?

अगर आपको हाल ही में Apple की ओर से Mercenary Spyware को लेकर थ्रेट नोटिफिकेशन मिला है, तो सबसे पहले इसकी पुष्टि करें कि अलर्ट वास्तव में Apple की ओर से आया है। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बजाय अपने iPhone की Settings और Apple Account के जरिए जानकारी की जांच करें-

  • सबसे पहले अपने आईफोन की Settings में चेक करें कि आपको कंपनी की ओर से कोई स्पाइवेयर थ्रेट नोटिफिकेशन भेजा गया है या नहीं।
  • अगर आपको लगता है कि iPhone पर आया नोटिफिकेशन फर्जी हो सकता है, तो accounts.apple.com पर जाकर इसे वेरिफाई कर सकते हैं।
  • अगर नोटिफिकेशन असली है, तो इसका मतलब है कि आपको Pegasus जैसे Mercenary Spyware के जरिए निशाना बनाया गया हो सकता है।
  • अगर आपको लगता है कि आप वास्तव में स्पाइवेयर हमले के खतरे में हैं, तो अपने iPhone या iPad में Lockdown Mode चालू कर सकते हैं।
इसके लिए Settings > Privacy & Security > Lockdown Mode पर जाएं और Turn On Lockdown Mode चुनें।
Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article