Tecno ने भारत में अपने कुछ स्मार्टफोन्स के लिए नया OTA अपडेट जारी किया है। इससे यूजर्स को नया मेमोरी फ्यूजन नाम का फीचर मिलेगा। दरअसल, मेमोरी फ्यूजन फीचर वर्चुअल RAM है। जो पहले से कंपनी के कई स्मार्टफोन्स में मिलता है। ये फोन की इंटरनल की मेमोरी का इस्तेमाल कर रैम कैपेसिटी को बढ़ाता है।
ये नया फीचर OTA अपडेट के जरिए Tecno Camon 18, POVA Neo, Spark 8T और Spark 8 Pro के लिए जारी किया गया है। मेमोरी फ्यूजन के जरिए Tecno POVA Neo के यूजर्स 5GB तक वर्चुअल रैम ऐड कर पाएंगे। ऐसे में यूजर्स को टोटल 11GB तक रैम का सपोर्ट मिलेगा।
वहीं, OTA के जरिए Tecno Camon 18, Spark 8T और Spark 8 Pro में 3GB तक वर्चुअल रैम ऐड होगा। अपने फोन में मेमोरी फ्यूजन फीचर पाने के लिए केवल आपको अपने स्मार्टफोन को लेटेस्ट सॉफ्टवेयर वर्जन में अपडेट करना है। इसके लिए आपको सेटिंग्स में जाकर अपडेट में जाना होगा। ये भी संभव है कि कंपनी आपको सीधे नोटिफिकेशन भी भेज दे।
Tecno के मुताबिक, नए अपडेट के बाद स्मार्टफोन यूजर्स को मेमोरी फ्यूजन फीचर के जरिए मिले वर्चुअल रैम की वजह से पहले से काफी बेहतर एक्सपीरिएंस मिलेगा। कंपनी के मुताबिक, मेमोरी फ्यूजन फीचर जरूरत के मुताबिक एडिशनल स्टोरेज कैपेसिटी को आसानी से रैम में बदल देता है और फोन बेहतर तरीके से काम करने लगता है।
