शहर

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में दो आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर टली सुनवाई; 70,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल

Ram Mandir Donation Theft Row: अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने करीब 70,000 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें 173 गवाहों के नाम शामिल हैं।

Image

अयोध्या स्थित राम मंदिर (फाइल फोटो)

Ram Mandir Donation Theft Row: अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में दो आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर बुधवार को सुनवाई न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण नहीं हो सकी। अब इन याचिकाओं पर छह और सात अक्टूबर को सुनवाई होगी।

आरोपी सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता कुल शेखर सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अदालत के न्यायाधीश रजत वर्मा दोनों आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर छह और सात अक्टूबर को सुनवाई करेंगे।

छह आरोपियों की जमानत याचिका खारिज

सिंह ने कहा, ''न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण आज सुनवाई नहीं हो सकी। अब छह और सात अक्टूबर को जमानत याचिकाओं पर सुनवाई होगी।'' उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी छह अन्य लोगों की जमानत याचिकाओं पर विशेष अदालत पहले ही अलग-अलग तारीखों में सुनवाई करके उन्हें खारिज कर चुकी है।

सिंह ने बताया कि विशेष अदालत ने 21 सितंबर को अविनाश शुक्ला, मनीष कुमार यादव और रामशंकर मिश्रा की जमानत याचिकाएं तथा 22 सितंबर को अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा और करुणेश पांडेय की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। उन्होंने कहा कि अगर अगली सुनवाई में श्रीवास्तव और यादव की जमानत याचिकाएं भी खारिज होती हैं तो बचाव पक्ष उनके साथ अन्य आरोपियों के लिए भी इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ में जमानत याचिका दाखिल करेगा।

अधिवक्ता ने बताया कि वह और उनके सहयोगी हाल में दाखिल आरोपपत्र का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपपत्र हजारों पन्नों का है और इसी के अध्ययन के आधार पर अदालत में दलीलें पेश की जाएंगी।

70,000 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल

मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने की है। एसआईटी ने करीब 70,000 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें 173 गवाहों के नाम शामिल हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांचकर्ताओं ने चंदे की रकम की गिनती के दौरान कथित तौर पर नकदी को अलग किए जाने के 105 मामलों से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

8 लोगों की हुई गिरफ्तारी

यह मामला अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकदी और अन्य कीमती सामान के कथित गबन से जुड़ा है। मामले की जांच के लिये गठित विशेष अन्वेषण दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

आरोपियों में अधिकतर बैंक कर्मचारी हैं, जिन्हें चढ़ावे की रकम की गिनती के काम में लगाया गया था। आरोप है कि सुभाष श्रीवास्तव चढ़ावे की रकम की गिनती की प्रक्रिया की निगरानी कर रहा था, जबकि टिन्नू यादव चालक के रूप में काम करता था। यादव श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का करीबी सहयोगी था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article