Times Now Amazing Indians Awards 2026: एंटरप्रोनर और पॉडकास्टर राज शामानी (Raj Shamani) ने अपनी मेहनत और अलग अंदाज से देश के लाखों युवाओं के बीच अपनी खास पहचान बनाई है। अब उनके इस सफर को एक और बड़ी पहचान मिली है। राज शामानी को टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस अवॉर्ड्स 2026 (Times Now Amazing Indians Awards 2026) में खास सम्मान दिया गया। यह सम्मान उन्हें युवाओं के बीच कारोबार और अपना काम शुरू करने की सोच को बढ़ावा देने के लिए मिला। राज समारोह में खुद नहीं पहुंच सके, इसलिए उनके माता-पिता ने उनकी ओर से पुरस्कार लिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और टाइम्स टेलीविजन नेटवर्क के सीईओ आशीष सहगल ने उन्हें यह सम्मान दिया। राज ने इस सम्मान के लिए टाइम्स नाउ का धन्यवाद भी किया। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-'जब हम सब सफल होंगे तभी देश सफल होगा', Times Now Amazing Indian Awards कार्यक्रम में बोले किरेन रिजिजू)
राज शामानी ने कही ये बात
टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियंस अवॉर्ड्स 2026 में राज शामानी ने एक खास वीडियो संदेश के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन लोगों को पहचान मिलना बहुत खास है, जो बिना किसी सम्मान की उम्मीद के लगातार अच्छा काम करते रहते हैं। राज शामानी ने कहा कि ऐसे लोग ही असली प्रेरणा देते हैं। उन्होंने अपने और अपनी टीम को यह सम्मान देने के लिए टाइम्स नाउ का दिल से धन्यवाद किया। अपने शो के बारे में राज ने बताया कि इसे शुरू करने के पीछे एक सीधी सोच थी। वह दुनिया के सबसे खास लोगों से बात करना चाहते थे और जानना चाहते थे कि वे दुनिया को किस तरह देखते और समझते हैं। राज ने कहा कि उनका सपना दुनिया के बेहतरीन लोगों को भारत लाना और भारत के बेहतरीन लोगों को पूरी दुनिया तक पहुंचाना है। उन्होंने साफ कहा कि उनका यह काम अभी बस शुरू हुआ है।
राज शमानी के मुताबिक, यह सम्मान उनके लिए आगे भी मेहनत करते रहने की एक बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि वह अपनी टीम के साथ मिलकर वही काम आगे भी करते रहेंगे, जो अब तक करते आए हैं। उन्होंने देश के लिए अपने बड़े सपने की बात भी कही। राज ने कहा कि वह आगे ऐसे काम करना चाहते हैं, जिससे हर भारतीय को गर्व हो और दुनिया के मंच पर भारत का नाम और ऊंचा हो।
