शहर

बरेली को मिलेगा नया रेलवे जंक्शन, 3 स्टेशन होंगे बाइपास; 150+ ट्रेनों का दबाव होगा कम

बरेली में नई लाइन बनने के बाद बरेली जंक्शन समेत तीन मौजूदा स्टेशन मुख्य रूट से बाहर हो जाएंगे और रामगंगा के पास नया बरेली जंक्शन विकसित किया जाएगा।

Image

बरेली को मिलेगा नया रेलवे जंक्शन (फोटो-AI)

बरेली : भारतीय रेल यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए नए रेलवे परियोजनाओं पर काम कर रहा है। विभिन्न रूटों पर पटरियों के बिछाने से लेकर नए स्टेशन इत्यादि बनाने का काम चल रहा है। इन्ही के बीच बरेली में मौजूदा रेल रूट को शहर से बाहर बाइपास करने की योजना है। इसके लिए प्रस्तावित रूट लगभग तय कर लिया गया है। नई लाइन बनने के बाद बरेली जंक्शन समेत तीन मौजूदा स्टेशन मुख्य रूट से बाहर हो जाएंगे और रामगंगा के पास नया बरेली जंक्शन विकसित किया जाएगा। उधर, गाजियाबाद से सीतापुर के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। रेलवे ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है।

नए रूट के विकसित होने से कम होगा ट्रेनों का दबाव

बरेली में नए जंक्शन के लिए जमीन और लोकेशन का चयन करने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद रिपोर्ट मुरादाबाद मंडल मुख्यालय भेजी जाएगी। नई लाइन और जंक्शन तैयार होने से बरेली के मौजूदा रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावना बढ़ेगी, जिससे यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

403 किलोमीटर लंबे रूट पर होगा काम

केंद्र सरकार की कैबिनेट ने 18 अप्रैल को गाजियाबाद से सीतापुर के बीच करीब 403 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाने को मंजूरी दी थी। परियोजना पर करीब 14,926 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे की पिंक बुक में भी इस परियोजना का उल्लेख किया गया है।

कहां बिछाई जाएंगी नई रेल लाइनें

फिलहाल गाजियाबाद-सीतापुर रेलखंड डबल लाइन का है और यह दिल्ली से गुवाहाटी को जोड़ने वाले प्रमुख रेल मार्गों में शामिल है। इस रूट पर प्रतिदिन 150 से ज्यादा ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेनों की संख्या अधिक होने के कारण मौजूदा लाइन पर दबाव बना रहता है। नई लाइनें गाजियाबाद से हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी होते हुए सीतापुर तक बिछाई जाएंगी। परियोजना को करीब चार साल में पूरा करने का लक्ष्य है।

छह स्टेशनों को बाइपास करने की योजना

परियोजना के तहत हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और सीतापुर में नए रेलवे स्टेशन विकसित किए जाने हैं। बरेली में नई लाइन परसाखेड़ा से रामगंगा होते हुए रसुइया तक ले जाने की योजना है। इस रूट के तैयार होने पर सीबीगंज, बरेली जंक्शन और बरेली कैंट मौजूदा मार्ग से अलग हो जाएंगे। इनकी जगह रामगंगा के आसपास नया बरेली जंक्शन बनाया जाएगा। इसी क्षेत्र में रिंग रोड का निर्माण भी चल रहा है, जिससे नए जंक्शन तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

मीडिया खबरों के हवाले से मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मो. इमरान ने बताया कि नई रेल लाइन के लिए सर्वे का काम चल रहा है। सर्वे के बाद संबंधित विभाग की रिपोर्ट मंडल मुख्यालय भेजी जाएगी।

भिटौरा स्टेशन पर बनेगा फुटओवर ब्रिज

भिटौरा रेलवे स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं से जुड़े काम प्रस्तावित हैं। यहां प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने में सुविधा होगी। इसके अलावा स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज भी बनाया जाएगा। इंजीनियरिंग विभाग दोनों कार्यों का नक्शा तैयार कर चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, फुटओवर ब्रिज और ऊंचे प्लेटफॉर्म से यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित होगी और हादसों का खतरा कम होगा। नक्शे के साथ रिपोर्ट जल्द मंडल कार्यालय भेजी जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article