अगर आप एप्पल डिवाइस इस्तेमाल करते हैं और डेली रूटीन के कामों में Siri Ai का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। अगर आप सीरी एआई का एक लिमिट से ज्यादा इस्तेमाल करेंगे तो हो सकता है कि अब आपको इसके लिए पैसे खर्च करने पड़ें। Apple अपने AI फीचर्स को लेकर एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। आने वाले समय में यूजर्स Siri AI और Apple Intelligence के कुछ खास फीचर्स का इस्तेमाल पूरे दिन बिना किसी रोक-टोक के नहीं कर पाएंगे।
कंपनी इन फीचर्स के लिए रोजाना इस्तेमाल की एक लिमिट तय कर सकती है। अगर यूजर की डेली लिमिट खत्म हो जाती है, तो उसे अगले दिन तक इंतजार करना होगा या ज्यादा इस्तेमाल के लिए iCloud+ का सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है। कंपनी जल्द ही इस बदलाव को iOS 27.3 अपडेट के साथ दिसंबर की शुरुआत में देखने को मिल सकता है।
क्यों लगाई जा रही है AI फीचर्स पर लिमिट?
Apple के कुछ AI फीचर्स सीधे डिवाइस पर काम करने के बजाय कंपनी के सर्वर पर चलते हैं। इन्हें चलाने के लिए काफी ज्यादा कंप्यूटिंग पावर की जरूरत होती है। इससे Apple का खर्च भी बढ़ता है। इसी खर्च को संभालने के लिए कंपनी एडवांस AI फीचर्स पर रोजाना इस्तेमाल की सीमा तय करने की योजना बना रही है।
हालांकि, इससे Siri के रोजमर्रा के कामों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जैसे अलार्म लगाना, टाइमर सेट करना, फोन कॉल करना और सामान्य मैसेज भेजना पहले की तरह मुफ्त और बिना लिमिट के जारी रहेंगे।
iCloud+ प्लान लेने पर मिलेगी ज्यादा लिमिट
Apple के प्लान के मुताबिक, अलग-अलग iCloud+ सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को उनके प्लान के हिसाब से ज्यादा AI इस्तेमाल करने की सुविधा मिल सकती है।
- 50GB प्लान (0.99 डॉलर): सामान्य डेली लिमिट।
- 200GB प्लान (2.99 डॉलर): सामान्य लिमिट से 2 गुना ज्यादा इस्तेमाल।
- 2TB प्लान (9.99 डॉलर): 5 गुना ज्यादा इस्तेमाल।
- 6TB प्लान (29.99 डॉलर): 10 गुना ज्यादा इस्तेमाल।
- 12TB प्लान (59.99 डॉलर): 20 गुना ज्यादा इस्तेमाल।
ये कीमतें अमेरिकी बाजार के हिसाब से हैं। हालांकि, Apple ने अभी यह साफ नहीं किया है कि हर प्लान में यूजर्स को रोजाना कितनी AI रिक्वेस्ट करने की सुविधा मिलेगी।
किन-किन AI फीचर्स पर पड़ेगा असर?
यह बदलाव सिर्फ Siri तक सीमित नहीं रहने वाला है। Apple के कई दूसरे AI टूल्स भी इस लिमिट के दायरे में आ सकते हैं। इसमें Image Playground से AI तस्वीरें बनाना, Photos ऐप में Clean Up, Extend और Spatial Reframing जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा Shortcuts ऐप में क्लाउड AI मॉडल की मदद से चलने वाले ऑटोमेशन और कुछ थर्ड-पार्टी ऐप्स के AI फीचर्स पर भी रोजाना इस्तेमाल की सीमा लागू हो सकती है।
हर डिवाइस के लिए अलग होगी डेली लिमिट
इस बदलाव की एक खास बात यह है कि Apple यूज लिमिट को अकाउंट के बजाय डिवाइस के हिसाब से तय कर सकता है। यानी आपके iPhone, iPad और Mac को अलग-अलग डेली लिमिट मिलेगी।
जब किसी डिवाइस पर AI इस्तेमाल की तय सीमा पूरी हो जाएगी, तो Apple की तरफ से यूजर को इसकी जानकारी दे दी जाएगी। इसके बाद एडवांस AI फीचर्स इस्तेमाल करने के लिए अगले दिन तक इंतजार करना होगा या ज्यादा लिमिट वाला iCloud+ प्लान लेना पड़ेगा। माना जा रहा है कि यह लिमिट हर दिन आधी रात के आसपास रीसेट हो सकती है।
