Visa Mastercard Cyber Attack : अमेरिका की दिग्गज फाइनेंशियल कंपनियों पर हैकर्स के हमले ने दुनियाभर के करोड़ों कार्डधारकों की चिंता बढ़ा दी है। पहले अमेरिकी बैंकिंग दिग्गज JPMorgan Chase के ग्राहकों का डेटा लीक होने की खबर आई। अब पेमेंट नेटवर्क Visa और Mastercard भी साइबर हमले की चपेट में आ गए हैं।
रैनसमवेयर ग्रुप n0n ने तीनों कंपनियों से जुड़े डेटा को सार्वजनिक करने का दावा किया है। हालांकि, कंपनियों का कहना है कि उनके मुख्य सिस्टम सुरक्षित हैं और कार्ड से पेमेंट करने की सुविधा पर कोई असर नहीं पड़ा है। ऐसे में भारतीय ग्राहकों के मन में भी सवाल है कि क्या उनका डेटा सुरक्षित है? क्या भारत में Visa और Mastercard इस्तेमाल करने वाले लोगों की जानकारी भी लीक हुई है?
क्या भारत के ग्राहकों का डेटा लीक हुआ?
सबसे पहले भारतीय ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि 20 नवंबर, 2026 तक भारत के Visa और Mastercard कार्डधारकों का डेटा लीक होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो कंपनियों ने भारत के ग्राहकों को प्रभावित होने की जानकारी दी है और न ही सार्वजनिक रिपोर्टों में भारतीय कार्डधारकों की पहचान प्रभावित ग्राहकों के तौर पर हुई है।
वीजा के इन देशों के ग्राहकों पर असर
Visa के मामले में साइबर हमले का संबंध एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के एक थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर से बताया गया है। हैकर्स की ओर से जारी डेटा में हांगकांग, ताइवान, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों के ग्राहकों की जानकारी होने का दावा किया गया है। इसमें ईमेल एड्रेस, फोन नंबर और मार्केटिंग कैंपेन से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।
वहीं, Mastercard ने भी एक थर्ड-पार्टी प्रोवाइडर से जुड़े मामले में कुछ ग्राहकों के ईमेल एड्रेस उजागर होने की बात स्वीकार की है। कंपनी के मुताबिक, यह एक विशेष बेनिफिट प्रोग्राम से जुड़े सीमित ग्राहकों की जानकारी थी। भारत के ग्राहकों के प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है।
क्या भारतीय ग्राहकों का डेटा भारत में ही स्टोर होता है?
भारत में Visa और Mastercard के इस्तेमाल को लेकर एक अहम सुरक्षा व्यवस्था है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अप्रैल 2018 में पेमेंट डेटा लोकलाइजेशन के नियम लागू किए थे। इसके तहत भारत में काम करने वाले पेमेंट सिस्टम प्रोवाइडर्स को घरेलू पेमेंट ट्रांजैक्शन से जुड़ा पूरा डेटा भारत में मौजूद सर्वर पर स्टोर करना जरूरी है। इस नियम में कार्ड पेमेंट से जुड़ी जानकारी, ट्रांजैक्शन डिटेल, ग्राहक की संबंधित जानकारी और पेमेंट क्रेडेंशियल शामिल हैं। यहां तक कि पेमेंट सर्विस देने वाले थर्ड-पार्टी वेंडर्स पर भी ये नियम लागू होते हैं।
ग्राहकों को क्यों रहना चाहिए सतर्क?
इस मामले में फिलहाल कार्ड नंबर और पेमेंट संबंधी संवेदनशील जानकारी लीक होने की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन नाम, फोन नंबर और ईमेल एड्रेस जैसी जानकारियां साइबर अपराधियों के लिए फिशिंग और फर्जी बैंक कॉल का जरिया बन सकती हैं। ऐसे में भारतीय कार्डधारकों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी बैंक कॉल पर भरोसा करने और किसी के साथ OTP, CVV या PIN साझा करने से बचना चाहिए। खासकर खुद को Visa, Mastercard या बैंक का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों से सतर्क रहना जरूरी है।
