Dhirendra Krishna Shastri Video: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती गांव में हैं। यहां विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया द्वारा आयोजित श्रीराम कथा में वे शामिल हो रहे हैं। इस कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिसके मद्देनजर पुलिस और ड्रोन / सीसीटीवी से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
कुंडा में बाबा बागेश्वर सरकार ने मांगी माफी
कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने अपने हालिया विवादित बयान पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को बाहरी ताकतों की तुलना में हिंदू समाज के भीतर मौजूद "दूषित तत्वों" से कहीं अधिक खतरा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने हिंदुओं में विभाजन को रोकने और सामाजिक एकता बनाए रखने के लिए ही माफी मांगी है। इस दौरान शास्त्री ने एक भावुक अंदाज में कहा कि अगर सनातन और हिंदू एकता के लिए उन्हें छाती पर गोली भी खानी पड़े तो वे पीछे नहीं हटेंगे। उनकी इस बात पर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारा लगाया। शास्त्री ने कहा कि वे हिंदुओं को बंटते हुए नहीं देख सकते, इसलिए उन्होंने माफी मांग ली, वरना वे झुकने वाले नहीं हैं। साथ ही उन्होंने शीघ्र ही वृंदावन जाने की बात भी कही।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- धीरेंद्र शास्त्री की तारीफ में बाबा रामदेव ने पढ़े कसीदे
बागेश्वर सरकार की किस बात पर हुआ था विवाद
बता दें कि शास्त्री हाल ही में मध्य प्रदेश में एक धार्मिक प्रवचन के दौरान भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करने वाले बयान को लेकर विवादों में घिर गए थे। उनके बयान का वीडियो वायरल होने के बाद कई संगठनों ने आपत्ति जताई थी। बाद में उन्होंने माफी मांगते हुए कहा था कि उनका इरादा किसी भी देवता का अपमान करने का नहीं था। कुंडा की कथा में शास्त्री ने इसी विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि उनके नाम में ही 'कृष्ण' है, इसलिए वे कृष्ण का अपमान कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी नजर में "यादव और माधव दो नहीं, एक हैं" और सभी हिंदू एक हैं। उन्होंने विरोध करने वालों पर परोक्ष तंज कसते हुए कहा कि पहले राक्षस यज्ञ में विघ्न डालते थे और अब सोशल मीडिया पर विरोध होता है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर राजनीति भी गरमाई
गौरतलब है कि उनके भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करने वाले बयान पर राजनीति भी काफी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके कार्यक्रमों को रद्द करने और उत्तर प्रदेश में उन्हें धार्मिक आयोजन करने की अनुमति न देने की मांग की है। अखिलेश यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने का आरोप लगाया है। हालांकि, राजा भैया के गढ़ में आयोजित श्रीराम कथा को लेकर स्थानीय स्तर पर भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। कथा स्थल पर हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
