स्पोर्ट्स

64 साल बाद एशियन गेम्स में चमके भारतीय रेसलर, दो गोल्ड सहित जीते इतने मेडल

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने रेसलिंग में दो गोल्ड सहित कुल 6 मेडल अपने नाम किए। भारतीय रेसलर ने बिना उम्मीद तोड़े 1962 के बाद से बेस्ट प्रदर्शन किया।

Image

अमन और सुजीत (साभार-X)

भारत ने कुल 85 मेडल के साथ एशियन गेम्स 2026 का समापन चौथे पोजीशन के साथ किया। 85 में भारत ने 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। लेकिन बात करेंगे रेसलिंग की जिसमें मेडल की उम्मीद थी। भारतीय रेसलर ने बिना उम्मीद तोड़े 1962 के बाद से बेस्ट प्रदर्शन किया। जकार्ता, 1962 में भारत ने 12 पदक जीते थे जिसमें तीन स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक शामिल थे। आइची नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारत ने रेसलिंग में दो गोल्ड, दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज सहित कुल 6 मेडल अपने नाम किए।

सुजीत ने दिलाया पहला गोल्ड

एशियन गेम्स 2026 में भारत को रेसलिंग में पहला गोल्ड सुजीत कलकल ने दिलाया। 65 किलोग्राम भारवर्ग में सुजीन ने 2-9 से पिछड़ने के बाद कमाल की वापसी करते हुए 10-9 से मुकाबला अपने नाम किया। रेसलिंग में दूसरा गोल्ड अमन सहरावत ने जीता जिन्होंने 57 किलोग्राम भारवर्ग में यह मेडल अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में दक्षिण कोरिया के मौजूदा विश्व चैंपियन हान चोंग सोंग को 11-7 से हराकर इस अभियान के सबसे प्रभावशाली प्रदर्शनों में से एक किया। इससे पहले शुक्रवार को सुजीत कलकल ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम श्रेणी में जीत हासिल की थी।

अंतिम और नितेश ने जीते सिल्वर

अंतिम पंघाल और नितेश सिवाच ने रजत पदक हासिल किए। दीपक पुनिया और सुनील कुमार ने कांस्य पदक प्राप्त किए। अंतिम पंघाल ने 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता और जापान की मो कियोका के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। यह एशियन गेम्स में अंतिम दूसरा पदक था। भारत का दूसरा रजत पदक ग्रीको-रोमन कुश्ती में आया, जहां नितेश सिवाच 97 किलोग्राम वर्ग में उपविजेता रहे।

दीपक ने जीता ब्रॉन्ज

भारत के दीपक पुनिया ने पुरुषों के फ्रीस्टाइल 97 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर एशियाई खेलों में लगातार दूसरा पदक हासिल किया। दीपक ने कांस्य पदक के मुकाबले में मंगोलिया के गंखुयाग गनबातर को 2-1 से हराया, जबकि उज्बेकिस्तान के शेरजोद पोयोनोव से 9-8 से करीबी हार के बाद वह फाइनल में जगह बनाने से चूक गए थे। इसके अलावा सुनील कुमार ने ग्रीको-रोमन 87 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत के पदक तालिका को पूरा किया।

कई भारतीय पहलवान भी बाल-बाल बचे

सागर जगलान पुरुषों के फ्रीस्टाइल 74 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में कजाकिस्तान के नूरकोझा काइपानोव से हार गए, जो 2024 के विश्व चैंपियन हैं। महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग में, मनीषा भानवाला ने दक्षिण कोरिया की यंगजिन क्वोन को हराकर जीत के साथ शुरुआत की, लेकिन जापान की ओलंपिक चैंपियन और दो बार की विश्व चैंपियन अकारी फुजिनामी से 3-0 से हारने के बाद क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गईं। फुजिनामी के फाइनल में न पहुंच पाने के कारण मनीषा के रेपेचेज में एंट्री करने की संभावना खत्म हो गई। देश ने बैंकॉक 1978 और जकार्ता 2018 में कुश्ती में दो स्वर्ण पदक जीते थे, लेकिन दोनों ही संस्करणों में उसे केवल तीन पदक ही मिले।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article