स्पोर्ट्स

Asian Games: गोल्ड जीतने वाली भारत की पहली महिला गोल्फर बनने पर क्या बोलीं प्रणवी उर्स

Pranavi Urs Asian Games Golf Gold: मैसूर की 23 साल की गोल्फर प्रणवी उर्स ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर नया मुकाम बनाया है। वह एशियन गेम्स में इंडिविजुअल गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गई हैं।

Image

प्रणवी उर्स ने रचा इतिहास (फोटो साभार- pranavi_urs)

Pranavi Urs Asian Games Golf Gold: मैसूर की 23 साल की गोल्फर प्रणवी उर्स ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है। प्रणवी एशियन गेम्स में इंडिविजुअल गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गई हैं। नागोया के कसुगाई कंट्री क्लब में खेले गए फाइनल राउंड में उन्होंने जबरदस्त दबाव में यह उपलब्धि हासिल की। प्रणवी ने आखिरी दिन ईवन-पार 70 का स्कोर किया और कुल 15-अंडर 265 के साथ एक शॉट से जीत दर्ज की। चीन की यिन रुओनिंग और सिंगापुर की शैनन टैन 14-अंडर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। यिन ने प्ले-ऑफ में सिल्वर मेडल जीता। यिन दुनिया की नंबर 6 खिलाड़ी हैं और 6 बार LPGA टूर जीत चुकी हैं।

पिछली रात ठीक से सो नहीं पाईं प्रणवी

तीसरे दिन तक प्रणवी के पास तीन शॉट की बढ़त थी। फाइनल राउंड में शुरुआत में वह नर्वस थीं। तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी होने के बाद उनकी बढ़त खत्म हो गई और यिन लीड में आ गईं। प्रणवी ने खुद माना कि वह पिछली रात ठीक से सो भी नहीं पाई थीं। लेकिन इसके बाद प्रणवी ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपने दो फेवरेट गोल्फर रोरी मैक्लॉय और नेली कोर्डा के कमबैक को याद किया और वापसी की। छठे होल पर बर्डी लगाई, 10वें होल पर फिर बर्डी कर स्कोर बराबर किया। 13वें होल पर उनकी बर्डी पुट रिम से घूमती हुई अंदर गई, जिसने उन्हें 15-अंडर पर वापस लीड दिला दी। आखिरी 5 होल पर उन्होंने लगातार पार खेलकर गोल्ड पक्का किया। 18वें होल पर उन्हें जीत के लिए पार चाहिए था, पहला पुट तीन फीट छोटा रह गया लेकिन दूसरा पुट उन्होंने शांति से होल कर दिया।

गोल्ड जीतने वाली पहली खिलाड़ी

यह प्रणवी के लिए बैरियर तोड़ने की आदत का नया उदाहरण है। एक साल पहले वह इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (IGPL) में मिक्स्ड प्रोफेशनल फील्ड में टाइटल जीतने वाली पहली महिला बनी थीं। तब उन्होंने पुरुषों के बीच जीतकर दिखाया था। अब उन्होंने एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर नया मुकाम बनाया है। प्रणवी ने कहा, "मेरा हमेशा से लक्ष्य रहा है कि किसी भी चीज में पहली बनूं। पहली हमेशा पहली ही रहेगी। IGPL जीत अच्छी थी, लेकिन यह गोल्ड उससे भी बड़ा है।"

अदिति अशोक ने पिछली बार जीता सिल्वर

इससे पहले अदिति अशोक ने पिछले एशियन गेम्स में सिल्वर जीता था, जो महिलाओं का पहला इंडिविजुअल मेडल था। प्रणवी ने अब उसे गोल्ड में बदल दिया। साथ ही भारत को 2002 में शिव कपूर के बाद 24 साल बाद इंडिविजुअल गोल्फ में गोल्ड मिला है। 1982 में लक्ष्मण सिंह ने पहला गोल्ड जीता था।प्रणवी अभी लेडीज यूरोपियन टूर (LET) पर खेलती हैं और हीरो के सपोर्ट से आगे बढ़ रही हैं। इस महीने के अंत में हीरो वुमेंस इंडियन ओपन है, जहां वह अपने पहले LET टाइटल के लिए उतरेंगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article