Tokyo Paralympics: भारत ने जीता पैरालंपिक में पहला गोल्ड, अवनि लेखरा ने शूटिंग में दिलाई स्वर्णिम सफलता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2021, 10:03 AM IST

टोक्यो पैरालिंपिक के 10 मीटर एयर राइफल में भारत की अवनि लेखारा ने गोल्ड मेडल जीत लिया है। इससे पहले उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में सातवां स्थान हासिल किया था।

टोक्यो: भारत को टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्णिम सफलता मिली है। अवनि लेखरा ने शूटिंग में जीता गोल्ड जीत लिया है। 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत की अवनि लेखारा ने क्वालिफिकेशन राउंड में सातवां स्थान हासिल किया था। भारत का यह टोक्यो पैरालंपिक खेलों में पहला स्वर्ण पदक है।

अवनि के स्वर्ण और योगेश कठुरिया के सोमवार को जीते रजत पदक के साथ ही भारत के टोक्यो में पदकों की संख्या एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल सात हो गई है।रविवार को राष्ट्रीय खेल दिवस का दिन भारतीय पैरा एथलीट के लिए टोक्यो में बेहद शानदार रहा और उन्होंने तीन मेडल अपने नाम किए थे। 

वर्ल्ड और पैरालंपिक रिकॉर्ड की बराबरी के साथ जीता गोल्ड
पहली बार पैरालंपिक खेलों में भाग ले रही अवनि लेखरा ने क्वालीफिकेशन राउंड में 621.7 अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 249.6 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक अपने  नाम कर लिया। उन्होंने अपने इस प्रदर्शन के साथ पैरालंपिक और वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। 




End of Article