मैड्रिड (एपी)। वेदात मुरीकी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मालोर्का की तरफ से दो गोल किए जिससे वह स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा के इस सत्र में सर्वाधिक गोल करने के किलियन एमबाप्पे के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं। मुरीकी के दो गोल की मदद से मालोर्का ने रायो वैलेकानो को 3-0 से हराया।
कोसोवो के स्ट्राइकर ने पहले हाफ के आखिर में चार मिनट के अंतराल पर दो गोल दागे। ये लीग में उनके इस सत्र में 20वें और 21वें गोल थे। इस तरह से वह एमबाप्पे के 23 गोल से सिर्फ दो गोल पीछे हैं। रियाल मैड्रिड के फॉरवर्ड एमबाप्पे शुक्रवार को गिरोना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में कोई गोल नहीं कर पाए थे। उन्होंने फरवरी के बाद से इस प्रतियोगिता में कोई गोल नहीं किया है।
मुरीकी ने मालोर्का के लिए अपने पिछले दो मैचों में तीन गोल किए हैं। उन्होंने पिछले सप्ताहांत रियाल मैड्रिड के खिलाफ टीम की 2-1 की जीत में भी गोल किया था। इस बीच विलारियाल ने एथलेटिक बिलबाओ पर 2-1 से जीत हासिल करके तीसरे स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। सर्गी कार्डोना और अल्फॉन ने विलारियाल के लिए पहले हाफ में गोल दागे।
मैनचेस्टर सिटी ने चेल्सी को हराया
मैनचेस्टर सिटी ने चेल्सी को 3-0 से हराकर प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में खिताब की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा। इस जीत से मैनचेस्टर सिटी शीर्ष पर काबिज आर्सेनल से केवल 6 अंक पीछे रह गया है। आर्सेनल के 32 मैच में 70 और मैनचेस्टर सिटी की 31 मैच में 64 अंक हैं। आर्सेनल शनिवार को बोर्नमाउथ से हार गया था जिसका फायदा मैनचेस्टर सिटी ने उठाया।
स्टैमफोर्ड ब्रिज में खेले गए मैच में मैनचेस्टर सिटी की तरफ से निको ओरेली (51वें), मार्क गुएही (57वें) और जेरेमी डोकू (68वें मिनट) ने दूसरे हाफ में गोल किए। एक अन्य मैच में संडरलैंड ने टोटेनहम को 1-0 से हराया। यह टोटेनहम की इस सत्र में लीग में 16वीं हार है। वह पिछले 14 मैच में जीत हासिल नहीं कर पाया है। संडरलैंड की तरफ से नोर्डी मुकीले ने 61वें मिनट में मैच का निर्णायक गोल किया। क्रिस्टल पैलेस ने सेल्हर्स्ट पार्क में न्यूकासल को 2-1 से शिकस्त दी।
