युगल में 13 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले आस्ट्रेलियाई टेनिस खिलाड़ी ओवेन डेविडसन का निधन हो गया है। वह 79 वर्ष के थे। इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम ने शनिवार को घोषणा की कि डेविडसन का शुक्रवार को निधन हो गया। लंबे समय तक उनकी मित्र रही इसाबेल सुलिगा ने कहा कि टेक्सास के कॉनरो में उनका निधन हो गया।
डेविडसन ने मिश्रित युगल में 11 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते जबकि पुरुष युगल में उनके नाम पर दो खिताब दर्ज हैं। उन्होंने बिली जीन किंग के साथ सफल जोड़ी बनाई थी। डेविडसन और किंग ने मिलकर मिश्रित युगल में आठ ग्रैंड स्लैम खिताब जीते थे।
डेविडसन ने 1967 में मिश्रित युगल में चारों ग्रैंड स्लैम खिताब जीते थे। टेनिस इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह तीसरे खिलाड़ी थे। इनमें से तीन खिताब उन्होंने किंग के साथ मिलकर जीते थे। डेविडसन के निधन पर किंग ने ट्वीट किया,‘‘ हमारा दिल टूट गया लेकिन हमारे पास डेवो (डेविडसन) के साथ बिताए गए पलों की शानदार यादें हैं।’’
