स्पोर्ट्स

Orleans Masters Super 300: सेमीफाइनल में थमा तन्वी शर्मा का शानदार सफर, नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ मिली हार

भारत की 17 साल की युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा का शानदार सफर ओरलियंस मास्टर्स सुपर 300 टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ हार के साथ समाप्त हो गया। तन्वी को अनुभवी खिलाड़ी के खिलाफ गलतियां भारी पड़ गईं।

Image

तन्वी शर्मा (फोटो क्रेडिट SAI X)

ओरलियंस: भारत की युवा शटलर तन्वी शर्मा को शनिवार को ओरलियंस मास्टर्स सुपर 300 टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में अपनी गलतियों पर नियंत्रण नहीं कर पाने के कारण पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। वहीं एक अन्य भारतीय खिलाड़ी ईशारानी बरूआ को भी महिला एकल के सेमीफाइनल में थाईलैंड की पिचामोन ओपाटनिपुथ से 12-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा। इससे खिताबी मुकाबला ओकुहारा और ओपाटनिपुथ के बीच खेला जाएगा।

लेंथ और नियंत्रण को लेकर जूझती रहीं तन्वी

भारत की सत्रह वर्षीय खिलाड़ी तन्वी पूरे मैच के दौरान अपनी लेंथ और नियंत्रण को लेकर जूझती रहीं। विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता को 35 मिनट में 31 वर्षीय ओकुहारा (2016 की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और 2017 की विश्व चैंपियन) के हाथों 9-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। तन्वी ने पिछले साल सैयद मोदी इंटरनेशनल में ओकुहारा के खिलाफ तीन गेम के एक रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की थी। लंबी रैलियों के लिए मशहूर ओकुहारा ने पहले गेम में 3-0 की बढ़त बना ली और फिर तन्वी की गलतियों के कारण 6-3 पर पहुंच गईं। तन्वी लगातार लाइन से चूकती रहीं और ब्रेक तक जापानी खिलाड़ी से 6-11 से पिछड़ रही थीं। ओकुहारा ने अपनी रैलियों और जोरदार स्मैश से 19-7 की बढ़त बना ली। फिर ओकुहारा ने एक और आक्रामक स्ट्रोक के साथ 12 गेम प्वाइंट हासिल कर लिए। इस तरह भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम गंवा दिया।

दूसरे गेम में वापसी की कोशिश

कोच ने ब्रेक के दौरान तन्वी को प्रेरित करने की कोशिश की। हालांकि दूसरे गेम में भी यही सिलसिला जारी रहा। ओकुहारा 3-0 से आगे हो गईं। भारतीय खिलाड़ी को अपने शॉट्स पर नियंत्रण रखने में काफी संघर्ष करना पड़ा। ओकुहारा ने दबाव बनाए रखा और एक और सटीक स्मैश लगाकर स्कोर 10-6 कर दिया। तन्वी के एक और वाइड शॉट ने ओकुहारा को ब्रेक के समय चार अंक की बढ़त दिला दी। ब्रेक के बाद भारतीय खिलाड़ी ने थोड़ी देर के लिए वापसी की और स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया। ओकुहारा ने कई गलतियां कीं जिससे ऐसा हुआ।

ओकुहारा ने नहीं दिया जीत का मौका

ओकुहारा ने 25 शॉट की एक रैली जीती और फिर एक क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर वह जीत के और करीब पहुंच गईं। 18-14 के स्कोर पर ओकुहारा ने अपनी दाईं ओर डाइव लगाकर एक शानदार बचाव किया और जीत से सिर्फ दो अंक दूर रह गईं। इसके बाद तन्वी ने फिर से वाइड शॉट खेला जिससे ओकुहारा को मैच जीतने के पांच मौके मिल गए। तन्वी ने एक मौका क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर बचाया, लेकिन फिर ओकुहारा ने एक बेहतरीन ’स्लाइस विनर’ शॉट लगाकर मैच अपने नाम कर लिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article