अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में जून में शुरू होने वाले फुटबॉल के महाकुंभ फीफा विश्व कप के लिए आधिकारिक गाने 'दाई दाई' को रिलीज कर दिया गया है। फीफा ने शुक्रवार को बताया कि शकीरा और नाइजीरिया के संगीतकार-गायक बर्ना बाय ने इस गाने को गाया है। यह गाना 11 जून से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट का आधिकारिक सॉन्ग होगा।
संस्कृति और एकता का अनूठा संगम
फीफा ने कहा कि दाई दाई फुटबॉल, संस्कृति और एकता का जीवंत उदाहरण है। यह शकीरा और बर्ना बॉय की दुनिया भर में जानी पहचानी ओजभरी आवाज और ऊर्जा का शानदार मिश्रण है। फीफा ने कहा कि इस गाने से मिलने वाली रॉयल्टी का उपयोग फीफा वैश्विक नागरिक शिक्षा कोष की मदद के लिए यूज की जाएगी।
दाई दाई गाने में देशों के नाम
दाई-दाई गाने में दुनिया के कई सबसे मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी और इस साल के विश्व कप में हिस्सा लेने वाले देशों के नाम लिए गए हैं। शकीरा ने ब्राजील, उरुग्वे, अर्जेंटीना, कोलंबिया, मेक्सिको, जापान, कोरिया, नीदरलैंड्स जैसे देशों को अपने गाने की बोल में शामिल किया है। इस गाने में पहले कोरस के बाद शकीरा और बर्ना बॉय बारी-बारी से अपने-अपने लाइन गाते हैं। फिर एक-दूसरे की लाइन को गाते हैं।
शकीरा ने किया रिलीज
शकीरा ने पिछले हफ्ते पहली बार दाई दाई गाने के छोटे से हिस्से को इंटरनेट मीडिया पर साझा किया था। इसमें ब्राजील के रियो डी जेनेरियो के माराकाना स्टेडियम के मैदान के बीच में उनके डांस का एक मिनट लंबा टीजर क्लिप दिखाया गया था। बता दें कि इस गाने को शकीरा और बर्ना बॉय ने रिलीज किया है।
फाइनल में पहली बार होगा हाफटाइम शो
शकीरा 19 जुलाई को फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल के हाफटाइम शो में भी मुख्य कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगी। फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार, फाइनल में हाफटाइम शो होगा, जिसमें खेल और संस्कृति के संगम को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक कलाकार एक साथ आएंगे। ताकि फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन के लिए फंड जुटाया जा सके।
