शहर

Delhi News : ट्रेनों के फर्जी वीडियो शेयर करने वालों की खैर नहीं, दो इंस्टाग्राम हैंडलर्स पर FIR

उत्तर रेलवे प्रशासन के मुताबिक, त्योहारों के मौसम में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ लोग सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो या किसी दूसरी जगह हुई घटनाओं के वीडियो को हाल की घटना बताकर शेयर कर रहे हैं।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : त्योहारों के दौरान रेलवे और ट्रेनों से जुड़ी भ्रामक खबरें और फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ उत्तर रेलवे ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे ने ऐसे ही मामलों में 4 नवंबर 2026 को दो इंस्टाग्राम हैंडलर्स के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। इन पर रेलवे परिसरों और ट्रेनों से जुड़े फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।

उत्तर रेलवे प्रशासन के मुताबिक, त्योहारों के मौसम में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ लोग सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो या किसी दूसरी जगह हुई घटनाओं के वीडियो को हाल की घटना बताकर शेयर कर रहे हैं। इससे आम यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है। कई बार ऐसी गलत जानकारियों से यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल भी बन सकता है।

फर्जी वीडियो और भ्रामक सूचनाएं बढ़ा सकती हैं परेशानी

रेलवे का कहना है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के वीडियो और खबरें फैलाना न सिर्फ यात्रियों को गुमराह करता है, बल्कि रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गलत तस्वीर पेश करता है। त्योहारों के दौरान रेलवे की ओर से यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। ऐसे समय में फर्जी वीडियो और भ्रामक सूचनाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं।

उत्तर रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह की गतिविधियों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक सामग्री फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में दो इंस्टाग्राम हैंडलर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

रेलवे ने इंटरनेट और सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले सभी लोगों से अपील की है कि किसी भी वीडियो, फोटो या खबर को शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें। बिना पुष्टि के किसी भी सामग्री को आगे भेजने या रीपोस्ट करने से बचें। रेलवे ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाता या फर्जी वीडियो प्रसारित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article