Shocking Video: इंटरनेट पर हर दिन अजीबोगरीब और हैरान करने वाले वीडियो देखने को मिलते हैं, लेकिन अमेरिका के एक बेगल शॉप से सामने आया यह वीडियो लोगों के रोंगटे खड़े कर रहा है। अमूमन दुकानों में ग्राहकों की चहल-पहल होती है, लेकिन अगर वहां अचानक एक 4 फीट लंबा मगरमच्छ रेंगता हुआ आ जाए, तो आप क्या करेंगे? कुछ ऐसा ही मामला अमेरिका की एक दुकान में देखने को मिला, जहां सुबह-सुबह बेगल की खुशबू से खींचा चला आया एक बिन बुलाया 'मेहमान' मगरमच्छ दाखिल हो गया।
दुकान के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई तस्वीरों के मुताबिक, यह मगरमच्छ बैक डोर के खुले दरवाजे से धीरे-धीरे रेंगते हुए अंदर आता दिखा। किसी को कानो-कान खबर नहीं हुई और यह विशालकाय जीव किचन और स्टोर रूम के गलियारे से होता हुआ सीधे दुकान के फ्रंट काउंटर तक पहुंच गया। किचन स्टाफ और बेकिंग एरिया में काम कर रहे कर्मचारी पहले तो इस अनचाहे मेहमान को देखकर चौंक गए और खुद को सुरक्षित करने के लिए दूर हट गए। जैसे ही मगरमच्छ दुकान के सिटिंग एरिया की तरफ बढ़ा, वहां बैठे ग्राहकों के होश उड़ गए। वहां एक ग्राहक अपनी टेबल पर बैठा था, जिसने जैसे ही फर्श पर रेंगते हुए मगरमच्छ को देखा, उसने बिना समय गंवाए फुर्ती दिखाई। सामने खतरा देखते ही ग्राहक ने तुरंत अपनी पास रखी प्लास्टिक की कुर्सी उठाई और उसे अपनी ढाल की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। उसने डब्ल्यूडब्ल्यूई के फाइटर की तरह कुर्सी को आगे रखकर खुद को और आसपास मौजूद लोगों को एलिगेटर के किसी भी संभावित हमले से बचाया। देखें वीडियो...
कैमरे में कैद शॉकिंग नजारा
दुकान में लगे कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मगरमच्छ बड़े आराम से दुकान में घूम रहा है, वहीं ग्राहक कुर्सी के सहारे दूरी बनाए हुए है और दुकान से बाहर निकलने की जगह ढूंढ रहे हैं। एक्स पर इस वीडियो को 'MAGA Lorrie Ann 🇺🇲🇺🇲🇺🇸 AMERICA FIRST' नाम के पेज से शेयर किया गया है। वहीं, इस वीडियो पर यूजर्स जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। एक यूजर ने मजे लेते हुए लिखा कि शायद मगरमच्छ को भी सुबह की कॉफी और बेगल की तलब लग गई थी। एक अन्य यूजर ने ग्राहक की तारीफ करते हुए कहा कि अचानक आए खतरे में जिस तरह से उस व्यक्ति ने कुर्सी को अपनी ढाल बनाया, वह वाकई काबिले तारीफ और सूझबूझ भरा कदम था। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
