Isha Singh: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर ईशा सिंह ने देश को शूटिंग में बड़ी सफलता दिलाई है। महिला 25 मीटर पिस्टल फाइनल में ईशा ने सिल्वर मेडल जीता है। उनके इस प्रदर्शन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बधाई दी है। राष्ट्रपति के ऑफिशियल X अकाउंट पर लिखा गया, "एशियन गेम्स 2026 में महिला 25 मीटर पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर ईशा सिंह को हार्दिक बधाई। आपके असाधारण प्रदर्शन ने शानदार कौशल, सटीकता और निरंतरता को दर्शाया है। यह पदक आपकी खेल यात्रा में गर्व भरा जुड़ाव है। भविष्य में कई और उपलब्धियों के लिए मेरी शुभकामनाएं।"
25 मीटर पिस्टल में सिल्वर मेडल
गौरतलब है कि सोमवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में ईशा का मुकाबला चीन की शियाओ जियारुइशियान से था। दोनों ने रेगुलर फाइनल में 38-38 पॉइंट बनाए, जिसके बाद गोल्ड के लिए दो बार शूट-ऑफ हुआ। ईशा ने फाइनल की शुरुआत शानदार की। पहली सीरीज में उन्होंने 5 में से 5 टारगेट हिट कर बढ़त बनाई। दूसरी सीरीज में 4 हिट के साथ 10 शॉट के बाद वह टॉप पर रहीं। तीसरी सीरीज में 3 हिट के बाद वह दूसरे नंबर पर खिसक गईं, लेकिन अगली सीरीज में 4 हिट के साथ 20 शॉट के बाद 16 पॉइंट पर चीन की शूटर के साथ बराबरी पर आ गईं।
ईशा सिंह ने दिलाया सिल्वर
25 शॉट के बाद ईशा, शियाओ और नॉर्थ कोरिया की किम ह्योन सुक तीनों 20 पॉइंट पर बराबर थीं। इसके बाद ईशा तीसरे स्थान पर फिसल गईं, लेकिन एक क्रूशियल 5-हिट सीरीज के साथ उन्होंने मेडल पक्का किया। 40 शॉट के बाद शियाओ और किम 32 पर और ईशा 31 पर थीं। पहले ब्रॉन्ज-सिल्वर के लिए शूट-ऑफ हुआ। ईशा और किम के बीच हुई टक्कर में दोनों ने पहले दो सीरीज में 3-3 हिट किए, लेकिन तीसरी में ईशा ने 3 और किम ने 2 हिट किए, जिससे ईशा ने कम से कम सिल्वर पक्का कर लिया। किम को 34 पॉइंट के साथ ब्रॉन्ज मिला।
चीन की शूटर को मिला गोल्ड
गोल्ड के लिए हुए शूट-ऑफ में पहला राउंड टाई रहा। दूसरे निर्णायक 5-शॉट के मुकाबले में चीन की शूटर ने 3 टारगेट हिट किए जबकि ईशा 2 ही लगा पाईं और उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा। यह भारत का इस एशियन गेम्स में 39वां मेडल है। भारत के अब तक 4 गोल्ड, 17 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज हैं। ईशा ने इससे पहले 10 मीटर एयर पिस्टल टीम में निराश किया था, लेकिन 25 मीटर में उन्होंने वापसी की और देश को सिल्वर मेडल दिलाया।
