स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स में दूसरा गोल्ड जीतने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई

Asian Games 2026: राष्ट्रपति मुर्मू के आधिकारिक एक्स हैंडल से कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी गई। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों से हराकर भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता था।

Image

राष्ट्रपति मुर्मू ने खिलाड़ियों को दी बधाई (फोटो साभार- X)

Asian Games 2026: एशियाई खेल 2026 में मेडल जीतने वाले भारतीय शूटर्स कमलजीत, सुरुचि इंदर सिंह, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल और नीरज कुमार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू के आधिकारिक एक्स हैंडल से कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी गई। इस जोड़ी ने 484.6 पॉइंट्स के साथ दक्षिण कोरिया (478.0) और ईरान (415.8) को हराया और साथ ही इस साल की शुरुआत में उज़्बेकिस्तान द्वारा बनाए गए 481.3 के एशियाई रिकॉर्ड को भी तोड़ा।

राष्ट्रपति ने गोल्ड जीतने पर भारतीय खिलाड़ियों को दी बधाई

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपनी पोस्ट में लिखा था, "कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह के लिए शानदार जीत! इस जोड़ी ने एशियाई खेल 2026 में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता। सटीकता और बेहतरीन तालमेल का शानदार प्रदर्शन। इस शानदार उपलब्धि के लिए आप दोनों को बहुत-बहुत बधाई!"

50 मीटर एयर राइफल में सिल्वर जीतने पर बधाई

राष्ट्रपति ने पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल और नीरज कुमार को भी बधाई दी। उन्होंने लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत के लिए गर्व का पल! पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल और नीरज कुमार को बहुत-बहुत बधाई। आपके शानदार प्रदर्शन और बेहतरीन टीमवर्क की वजह से भारत को शूटिंग रेंज में एक और मेडल मिला है। आप सभी को आगे भी सफलता मिलती रहे, इसके लिए मेरी शुभकामनाएं।"

भारत को मिला दूसरा गोल्ड

गौरलतब है कि सुरुचि और कमलजीत ने शुरुआती सीरीज़ से ही बढ़त बनाए रखी और दक्षिण कोरिया की तरफ से मिली कड़ी चुनौती के बावजूद अपनी बढ़त कायम रखी। दोनों ने आखिर में 6.6 पॉइंट्स से जीत हासिल की। हालांकि, उनका फाइनल स्कोर वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ चार पॉइंट्स कम था। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों से हराकर भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता था। वहीं भारतीय तिकड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल और नीरज कुमार ने सिल्वर मेडल जीता। इस इवेंट का गोल्ड मेडल चीन ने और ब्रॉन्ज मेडल दक्षिण कोरिया ने जीता। 2022 एशियन गेम्स में इस इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने के बाद, भारत ने अपना खिताब चीन के हाथों गंवा दिया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article