स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की 23 वर्षीय महिला जूडोका अस्मिता डे ने राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 48 किलो भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। वो राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में जूडो का गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। इस ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने अस्मिता को बधाई दी। साथ ही नीरज चोपड़ा को भी सिल्वर मेडल जीतने की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह परफॉर्मेंस हमेशा याद रखी जाएगी।
अस्मिता डे ने कनाडा की हैदी क्वाश को मात दी। यह भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में पहला गोल्ड मेडल है। ऐसे में अस्मिता ने अपना नाम इतिहास में हमेशा के लिए स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा लिया है। अस्मिता ने सेमीफाइनल में स्कॉटलैंड की समर शॉ को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
पीएम मोदी ने दी अस्मिता को बधाई
अस्मिता की जीत पर पीएम मोदी ने बधाई दी। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, सच में एक गोल्डन परफॉर्मेंस! जूडो विमेंस 48KG फाइनल में गोल्ड जीतने के लिए। अस्मिता डे पर गर्व है! यह परफॉर्मेंस हमेशा याद रखी जाएगी और जूडो को और भी पॉपुलर बनाने में मदद करेगी। उनके आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
नीरज और यशवीर को भी दी बधाई
पीएम मोदी ने जेवलिन में सिल्वर मेडल जीतने के लिए नीरज और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले यशवीर यादव को भी बधाई दी।
भारत को ग्लास्गो में दिलाया चौथा गोल्ड मेडल
त्रिपुरा की रहने वाली अस्मिता का पदक भारत का ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में चौथा गोल्ड और कुल 18 वां पदक रहा। इसके बाद जूडो में ही हर्ष ने गोल्ड मेडल जीता। भारत इस पदक के साथ पदक तालिका में 10वें पायदान पर पहुंच गया है। भारत ने 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक 5 गोल्ड, 12 रजत और 6 कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। अस्मिता और हर्ष के गोल्ड मेडल से भारत को मेडल टैली में फायदा हुआ है।
