शहर

'मां सी दौलत कहां किसी के पास होती है', मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर आजम खान ने जताया शोक

Yogi Adityanath Mother Demise: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताया।

Image

सपा नेता आजम खान (फाइल फोटो साभार: ANI)

Yogi Adityanath Mother Demise: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि मां सी दौलत कहां किसी के पास होती है।

आजम खान ने समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा कि बड़ा सदमा है। अल्लाह-ताला उन्हें सब्र फरमाए। बड़ा नुकसान है। मां सी दौलत कहां किसी के पास होती है।

पंचूर गांव में हुआ निधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि वह 91 वर्ष की थीं, और पिछले काफी समय से बीमार थीं। उन्होंने सुबह करीब पौने ग्यारह बजे अंतिम सांस ली।

CM योगी के परिवार में कौन-कौन?

सावित्री देवी के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। योगी आदित्यनाथ, चारों बेटों में दूसरे स्थान पर हैं। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ शाम को अपने पैतृक गांव पहुंचे और अपनी मां के अंतिम दर्शन किए।

कहां होगा अंतिम संस्कार?

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, सावित्री देवी की अंत्येष्टि शनिवार सुबह हरिद्वार में गंगा तट पर होगी जिसमें आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। स्थानीय ग्रामीण और परिवार के करीबी जी.सी. बडोला ने कहा कि सावित्री देवी लंबे समय से बीमार थीं और उनकी स्मृति भी कम हो रही थी जिसके कारण वह केवल अपने परिवारजनों को ही पहचान पा रही थीं।

योगी के बड़े भाई मानवेंद्र सिंह बिष्ट और सबसे छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट गांव के निकट बिथ्याणी महाविद्यालय में कार्यरत हैं जबकि एक अन्य छोटे भाई शैलेंद्र मोहन बिष्ट भारतीय सेना के गढ़वाल राइफल में ऑर्डिनरी कैप्टन हैं। योगी की एक बहन पुष्पा चौधरी दिल्ली में तथा दूसरी बहन कौशल्या देवी कोटद्वार में रहती हैं, जबकि तीसरी बहन शशि पायल ऋषिकेश के निकट स्थित प्रसिद्ध नीलकंठ मंदिर के पास रहकर अपना व्यवसाय करती हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article