स्पोर्ट्स

एक दिन में भारतीय हॉकी टीम की दोहरी जीत, महिला ने मलेशिया तो मेंस ने न्यूजीलैंड को हराया

भारतीय हॉकी टीम के लिए गुरुवार को दोहरी जीत वाला रहा। एक तरफ महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में मलेशिया को 4-1 से मात देकर शानदार आगाज किया। वहीं, दूसरी तरफ न्यूजीलैंड दौरे पर गई मेंस टीम ने मेजबान को पहले मुकाबले में 3-2 से मात देकर जीत के साथ शुरुआत की।

Image

हॉकी में भारत की दोहरी जीत। फोटो- हॉकी इंडिया

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। गत चैम्पियन भारतीय टीम ने महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में मलेशिया को गुरुवार को 4-1 से हराकर जीत के साथ आगाज किया। नाथु बरखेडा में अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेले गए मैच में हाफटाइम तक दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थी। भारत ने दूसरे हाफ में तीन गोल करके पहले राउंड रॉबिन मैच से पूरे तीन अंक हासिल किये। पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे भोपाल में भारी संख्या में हॉकीप्रेमी मैच देखने आये थे।

पहले क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद मलेशिया ने 19वें मिनट में नूरामिराह जुल्कीफी के गोल के दम पर बढ़त बना ली। भारत के लिये अगले ही मिनट मुमताज खान ने बराबरी का गोल दागा। कप्तान सलीमा टेटे ने 35वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई, जबकि भारत के लिये डेब्यू करने के साथ 'प्लेयर आफ द मैच' रही पूजा साहू ने चार मिनट बाद तीसरा गोल किया। अनुभवी लालरेम्सियामी ने 49वें मिनट में गोल दागा।

इससे पहले अन्य मैचों में चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराया जबकि जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से मात दी और मैच का एकमात्र गोल 59वें मिनट में हनामी साइतो ने किया। भारत को अब 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से खेलना है।

भारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड दौरे का आगाज जीत के साथ किया

वहीं, दूसरी तरफ भारतीय मेंस हॉकी टीम ने भारत-न्यूजीलैंड 'सेंचुरी आफ स्पोर्टिंग यूनिटी’ दौरे का आगाज 3-2 से जीत के साथ किया। लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम पर न्यूजीलैंड ने 25वें मिनट में जोंटी एल्मेस के पेनल्टी कॉर्नर पर किये गोल के दम पर बढ़त बना ली। भारत के लिये उसी मिनट में उत्तम सिंह ने फील्ड गोल करके बराबरी की।

दूसरे हाफ में भारत के शारदानंद तिवारी ने 38वें मिनट में फील्डगोल किया। वहीं, कप्तान संजय ने पांच मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की बढ़त 3-1 की कर दी। न्यूजीलैंड के लिये सैम एच ने 55वें मिनट में फील्ड गोल करके अंतर कम किया। अब भारत को अगले मैच शनिवार और रविवार को खेलने हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article