नई दिल्ली: एशियाई खेल 2018 की स्वर्ण पदक विजेता हेप्टाथलीट स्वप्ना बर्मन को प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। 29 वर्षीय स्वप्ना प्रतिबंधित एनाबॉलिक-एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड बोल्डेनॉन के सेवन के लिए पॉजिटिव पाई गई हैं। उनका नाम नाडा की अस्थायी रूप से निलंबित खिलाड़ियों की हालिया सूची में शामिल है।
एशियाई खेलों में हैप्टथलॉन का स्वर्णपदक जीतने वाली पहली भारतीय
स्वप्ना एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय हेप्टाथलीट थीं। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियाड में शीर्ष स्थान हासिल कर यह उपलब्धि दर्ज की थी। उन्होंने इसी महीने की शुरुआत में संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि चोटों से जूझता उनका शरीर अब प्रतियोगिताओं की कठिन चुनौतियों को सहन करने में सक्षम नहीं है। पूर्व एशियाई चैंपियन स्वप्ना ने 2016 के ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: India W vs England W, Hockey World Cup 2026: इंग्लैंड के साथ ड्रॉ खेलकर विश्व कप के अगले दौर में पहुंची भारतीय महिला टीम
स्वप्ना बर्मन का करियर और उपलब्धियां
स्वप्ना बर्मन ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2017 में महिलाओं की हेप्टाथलॉन इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा एशियन इनडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में रजत पदक अपने नाम किया। साल 2022 के राष्ट्रीय खेलों में उन्होंने हाई जंप (High Jump) और हेप्टाथलॉन दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। साल 2019 में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारत सरकार ने उन्हें साल 2019 में खेलों में उत्कृष्ट योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया था।
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की रहने वाली 29 वर्षीय स्वप्ना के दोनों पैरों में 6-6 उंगलियां हैं। उन्होंने सामान्य जूतों में होने वाले गंभीर दर्द और आर्थिक तंगहाली के बावजूद खेलों की दुनिया में यह मुकाम हासिल किया।
(भाषा)
