स्पोर्ट्स

Malaysia Open: पीवी सिंधू ने सेमीफाइनल में बनाई जगह, सात्विक और चिराग को मिली शिकस्त

Malaysia Open: पीवी सिंधू ने शुक्रवार को मलेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। जबकि पुरुष युगल में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी क्वार्टर फाइनल हार गए। चिराग और सात्विक की जोड़ी को इंडोनेशियाई जोड़ी ने हराया।

Image

पीवी सिंधू (फाइल फोटो)

कुआलालंपुर। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने शुक्रवार को यहां जापान की अकाने यामागुची के चोट के कारण क्वार्टरफाइनल से रिटायर होने के बाद मलेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। जबकि पुरुष युगल में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी क्वार्टर फाइनल हार गए।

सिंधू ने पहला गेम 21-11 से जीत लिया था, लेकिन इसके बाद तीन बार की विश्व चैंपियन और तीसरी वरीयता प्राप्त यामागुची ने मैच से हटने का फैसला किया। वह घुटने में ब्रेस पहने हुए थीं। इससे विश्व रैंकिंग में 18वें स्थान पर काबिज सिंधू का यामागुची के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 15-12 हो गया।

चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद सिंधू अपना पहला टूर्नामेंट खेल रही हैं। अब सेमीफाइनल में उनका सामना चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त वांग झीयी से होगा जिन्होंने इंडोनेशिया की छठी वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वरदानी को 21-17, 21-18 से हराया।

सात्विक और चिराग को मिली शिकस्त

वहीं दो बार विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता भारत के सात्विक और चिराग पुरुष युगल में इंडोनेशिया के फजर अल्फेन और मुहम्मद फिकरी की निचली रैंकिंग वाली जोड़ी से 10-21, 21-23 से हार गए। पिछले साल हांगकांग ओपन और चाइना मास्टर्स में फाइनल तक पहुंचे तीसरी वरीयता प्राप्त सात्विक और चिराग पहले गेम में ही दबाव में नजर आए।

इंडोनेशिया की जोड़ी ने लगातार पांच अंक बनाये जिसके बाद भारतीय जोड़ी ने खाता खोला। इंडोनेशियाई जोड़ी ने जल्दी ही 12-4 से बढ़त बना ली और फिर आखिरी पांच अंक लेकर पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने वापसी की कोशिश की और दो बार बढ़त भी बनाई। स्कोर एक समय 19-19 से बराबरी पर था, लेकिन इंडोनेशियाई जोड़ी ने आखिरी दो अंक लेकर जीत दर्ज की।

(भाषा)

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article