भारत ने आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक और महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता। भारत के रविंदर सिंह, सौरभ चौधरी और अमनप्रीत सिंह की तिकड़ी ने कुल 1659 अंक से पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया।
इसके बाद इलावेनिल वलारिवान, सोनम उत्तम मास्कर और शांभवी श्रवण क्षीरसागर की तिकड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1894.4 अंक से दूसरा स्थान हासिल किया। भारतीय टीम चीन (1899.8 अंक) से पीछे दूसरे स्थान पर रही जबकि जापान (1892.6 अंक) से कांस्य पदक जीता। इलावेनिल 634.2 अंक से भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहीं जबकि सोनम ने 630.2 अंक और शांभवी ने 629.7 अंक जुटाए।
इलावेनिल ने क्वालीफिकेशन दौर में तीसरा स्थान हासिल कर व्यक्तिगत फाइनल में जगह बना ली थी और उनके पास पदक जीतकर भारत के लिए पहला ओलंपिक कोटा हासिल करने का मौका था। लेकिन वह 167.3 अंक के स्कोर से छठे स्थान पर रहकर यह मौका चूक गईं। इससे पहले रविंदर ने इस स्पर्धा का व्यक्तिगत रजत पदक भी अपने नाम किया। यह स्पर्धा ओलंपिक प्रतियोगिताओं की सूची में शामिल नहीं है। रविंदर भारत के सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने कुल 559 अंक प्राप्त किए।
कई बार विश्व कप में स्वर्ण पदक जीत चुके सौरभ ने 551 अंक हासिल किए जबकि अमनप्रीत सिंह ने 549 अंक बनाए। इस तरह भारतीय टीम ने कुल 1659 अंक हासिल किए। चीन के झांग बिंगचेन, ल्यू जुनयी और फेंग लिनलांग ने कुल 1648 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। वहीं दक्षिण कोरिया की होंग सुह्योन, चोए बोरम और सो सेउंग सेओब की टीम ने 1643 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
व्यक्तिगत स्पर्धा में रूस के एंटोन अरिस्तारखोव ने 561 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। रोमानिया के लुका जोल्डिया ने 558 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ मखीजा टीम और व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने में असफल रहे। भारत एक स्वर्ण और दो रजत पदक के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है। चीन तीन स्वर्ण सहित पांच पदकों से शीर्ष पर है।
(भाषा)
