स्पोर्ट्स

भारत की लंचेनबी चानू ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रचा इतिहास, युवा ओलंपिक में वुशु पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं

Lanchenbi Chanu Creates History In Youth Olympics: भारतीय वुशु खिलाड़ी राजकुमारी लंचेनबी चानू ने मंगलवार को यहां युवा ओलंपिक खेलों की महिला चांगक्वान संयुक्त स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह वुशु में इस प्रतियोगिता का पदक हासिल करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं।

Image

लंचेनबी चानू ने यूथ ओलंपिक में रचा इतिहास (X/Olympic Khel)

भारतीय वुशु खिलाड़ी राजकुमारी लंचेनबी चानू ने मंगलवार को यहां युवा ओलंपिक खेलों की महिला चांगक्वान संयुक्त स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह वुशु में इस प्रतियोगिता का पदक हासिल करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं।

मणिपुर की रहने वाली चानू ने कुल 18.039 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। मिस्र की सोंडोस सोनबोल ने 18.660 अंक के साथ स्वर्ण पदक जबकि वेनेजुएला की वालेरिया फ्रैनरीस डुडामेल ने 18.199 अंक के साथ रजत पदक जीता।

भारतीय खिलाड़ी ने चांगक्वान स्पर्धा में 9.316 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया जबकि गुनशु स्पर्धा में 8.723 अंक के साथ वह तीसरे स्थान पर रहीं। डकार युवा ओलंपिक में भारत अब तक एक रजत और दो कांस्य पदक जीत चुका है।

इससे पहले सोमवार को युवा खिलाड़ी खुशबू राजकभाई ने रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना अभियान समाप्त किया था। वह युवा ओलंपिक में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय जुडोका बनी थीं।

वहीं तैराकी की उभरती खिलाड़ी धिनिधि देसिंघु ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था। बेंगलुरु की 16 वर्षीय तैराक ने सेनेगल में चल रहे इन खेलों में भारत के लिए पहला पदक हासिल किया। सोमवार को फाइनल में उन्होंने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस स्पर्धा में क्रोएशिया की एना बोबानोविच ने 55.89 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि न्यूजीलैंड की एलिसा लॉसन ने 56.13 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

धिनिधि देसिंघु का यह सफर अब उन्हें सीनियर ओलंपिक तक ले आया है। सिर्फ 14 साल की उम्र में, वह पेरिस 2024 खेलों में भारत के दल की सबसे कम उम्र की सदस्य थीं। यहां उन्हें दुनिया के कुछ बेहतरीन तैराकों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिला, जिनमें फ्रांसीसी स्टार लियोन मार्चंड भी शामिल थे।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article