राजसमंद (राजस्थान)। भारतीय पैरा खेलों के इतिहास में एक नया सुनहरा पन्ना जुड़ गया है। मलेशिया में आयोजित सेलंगोर ओपन डार्टर्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पैरा डार्ट्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 मेडल अपने नाम किए। टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया।
23 से 27 अप्रैल 2026 तक मलेशिया में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चाइना, जापान, कोरिया, इंग्लैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल सहित विश्वभर के शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच भारतीय टीम ने ‘मिशन गो फॉर गोल्ड’ को सफलतापूर्वक साकार करते हुए विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महेश कुमार ने जीता गोल्ड
टीम की इस ऐतिहासिक सफलता का नेतृत्व महेश कुमार ने किया, जिन्होंने व्हीलचेयर वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया। वहीं, राजस्थान के भंवरलाल मेघवाल ने कांस्य पदक जीतकर देश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। भंवरलाल के इस सफलता के पीछे विकास पुरुष, सरपंच साहब केसरसिंह खरवड़, समाजसेवि (DL) देवीलाल पालीवाल और महाराणा मेवाड़ मंडल के अध्यक्ष श्रीमान शिवराज (मामा) इन दिग्गजों का बहुत बड़ा योगदान रहा है।
इन खिलाड़ियों ने जीता पदक
भारत की ओर से व्हीलचेयर वर्ग में राहुल गुप्ता और रोहित गुप्ता (कानपुर), तथा महेश प्रताप (वाराणसी) ने भाग लिया। वहीं स्टैंडिंग वर्ग में आलोक शर्मा (रायबरेली), अशोक कुमार यादव (वाराणसी), भंवर लाल मेघवाल (राजस्थान), दीपक कुमार त्रिपाठी (प्रयागराज), महेंद्र प्रताप सिंह (कानपुर), डॉ. मनीष कुमार (रायबरेली), राजन हरिश्चंद्र भर्तव (महाराष्ट्र), संतोष कुमार गुप्ता (लखनऊ), वसीम अकरम (कर्नाटक) और शोभित कुमार (बरेली) ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
भारतीय खिलाड़ियों ने किया दमदार प्रदर्शन
भारतीय पैरा डार्ट्स टीम की यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के समर्पण और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि यह देश में पैरा खेलों के बढ़ते स्तर और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति को भी रेखांकित करती है।
