भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो और भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों क्रमशः यामिनी मौर्य और अजय बाबू को 25-25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि तथा सरकारी नौकरी देने की शनिवार को घोषणा की। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ा है।
मध्य प्रदेश का दुनिया में रोशन किया नाम
खेल मंत्री कैलाश सारंग ने कहा,'यामिनी ने जूडो में शानदार कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता, जबकि अजय बाबू ने भारोत्तोलन में प्रभावशाली प्रदर्शन कर दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CWG 2026: जूडो में भारत 'गोल्डन हैट्रिक' से चूका, यामिनी मौर्य ने 57 किग्रा भारवर्ग में जीता सिल्वर मेडल
खेल नीति के मुताबिक मिलेगी नौकरी और 25-25 लाख रुपये
सारंग ने वीडियो कॉल के माध्यम से यामिनी से बातचीत कर उन्हें जीत की बधाई भी दी। उन्होंने कहा,'मध्यप्रदेश की खेल नीति के अनुसार यामिनी और अजय बाबू को 25-25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। दोनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी प्रदान की जाएगी।' मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने दी थी यामिनी और अजय बाबू को बधाई
मध्य प्रदेश के सागर की रहने वाली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यामिनी को एक्स पर बधाई देते हुए कहा, 'जूडो 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने पर यामिनी मौर्य को बधाई! उन्होंने बहुत अच्छा खेला और उनके प्रदर्शन में जूडो के प्रति उनका जुनून साफ तौर पर झलकता था। उनकी यह उपलब्धि आने वाले समय में कई युवाओं को जूडो की ओर आकर्षित करेगी। भविष्य में उनके प्रयासों के लिए बहुत–बहुत शुभकामनाएं।'
पीएम मोदी ने अजय बाबू को बधाई देते हुए कहा, भारोत्तोलन में भारत के लिए और अधिक गौरव! ग्लासगो ओलंपिक खेलों में पुरुषों के 79 किलोग्राम वर्ग में वल्लूरी अजय बाबू के रजत पदक जीतने पर प्रसन्न हूं। उन्होंने स्नैच स्पर्धा में राष्ट्रीय विश्व चैंपियनशिप का रिकॉर्ड बनाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है। उन्हें हार्दिक बधाई और भविष्य के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
(भाषा)
