स्पोर्ट्स

BWF World Championships 2026: अमेरिका के युवा खिलाड़ी गैरेट टेन ने किया वर्ल्ड चैंपियनशिप में लक्ष्य सेन के अभियान का अंत

भारत के स्टार बैडमिंडन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में अभियान का अंत बुधवार को राउंड ऑफ 32 में अमेरिका के गैरेट टैन के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार के साथ हो गया।

Image

लक्ष्य सेन

Photo : AP

नई दिल्ली: भारत के स्टार बैडमिंडन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में अभियान का अंत बुधवार को राउंड ऑफ 32 में अमेरिका के गैरेट टैन के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार के साथ हो गया। तीन सेट तक चले मुकाबले में लक्ष्य सेन को वर्ल्ड जूनियर नंबर वन खिलाड़ी गैरेट टैम के खिलाफ 21-19, 19-21 और 17-21 के अंतर से हार मिली। मैच में लक्ष्य ने जीत के साथ शुरुआत की और पहले गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया लेकिन इसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया और लक्ष्य को कड़ी चुनौती देते हुए दूसरा गेम 19-21 के अंतर से अपने नाम कर लिया और मैच में 1-1 की बराबरी कर ली। इसके बाद तीसरे और निर्णायक सेट में लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके और 17-21 के अंतर से हार के साथ ही मैच भी गंवा दिया।

टैन के आक्रामक खेल से हुई लक्ष्य को परेशानी

लक्ष्य को टैन की तेज गति और आक्रामक खेल से परेशानी हुई। अमेरिकी खिलाड़ी ने स्मैश का प्रभावी इस्तेमाल किया और बार-बार भारतीय खिलाड़ी के बैकहैंड वाले पिछले कोने को निशाना बनाया। उन्होंने जंप स्मैश और चकमा देने वाले शॉट् से भी लक्ष्य को परेशान किया। टैन ने पहले गेम में 4-1 की बढ़त बना ली लेकिन मुकाबला जल्द ही कड़ा हो गया और स्कोर 5-5 से 18-18 तक पहुंच गया। इसके बाद लक्ष्य ने बढ़त हासिल की और पहला गेम अपने नाम कर लिया।

लक्ष्य ने बचाए चार गेम प्वाइंट

दूसरे गेम में टैन ने अपने आक्रमण को और तेज किया तथा रैलियों पर दबदबा बनाया। उन्होंने 4-0 की बढ़त बनाई और पूरे गेम में नियंत्रण बनाए रखा। लक्ष्य ने वापसी की कोशिश करते हुए स्कोर 15-20 तक पहुंचाया और चार गेम प्वाइंट बचाए लेकिन टैन ने आखिरकार गेम जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया।

निर्णायक गेम में टैन ने बनाई शुरुआती बढ़त

निर्णायक गेम में टैन ने शुरुआत से ही नियंत्रण बना लिया और 12-4 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि सेन ने फिर जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 15-17 कर दिया।

टैन का 17वां अंक एक लंबी और रोमांचक रैली के बाद आया जिसमें वह आगे की ओर गिर गए और उन्हें मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा। टैन ने इसके बाद जंप स्मैश लगाकर स्कोर 18-16 कर दिया। इसके बाद लक्ष्य की सर्विस लंबी चली गई और टैन ने क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर चार मैच प्वाइंट हासिल कर लिए। लक्ष्य ने कुछ अच्छे स्मैश लगाकर खुद को मैच बनाए रखा लेकिन अगली रैली के दौरान फिसल गए। टैन ने मौके का फायदा उठाते हुए शटल को कोर्ट में गिरा दिया और यादगार जीत दर्ज की।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article