स्पोर्ट्स

Japan Open 2025: जापान ओपन के दूसरे दौर में थमा लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग की जोड़ी का सफर

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी का सफर जापान ओपन के दूसरे दौर में ही थम गया।

Image

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (फोटो क्रेडिट @India_AllSports X)

टोक्यो: भारतीय खिलाड़ियों का जापान ओपन में निराशाजनक प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा तथा लक्ष्य सेन और की पुरुष युगल जोड़ी दूसरे दौर में हारकर इस सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गयी। विश्व के 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य को पुरुष एकल में जापान के कोडाई नाराओका के हाथों 19-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला करीब एक घंटे तक चला।

इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने पहले मैच में चीन के वांग झेंग जिंग पर 21-11, 21-18 से जीत दर्ज की थी, लेकिन वह अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख सके। इससे पहले पुरुष युगल में सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी को चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से 44 मिनट तक चले मुकाबले में 22-24, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत से पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता वेई केंग और वांग चांग ने भारतीय जोड़ी के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 7-2 कर लिया।

सात्विक और चिराग ने धीमी शुरुआत की लेकिन जल्द ही लय हासिल करके पहले गेम में 18-14 से बढ़त बना ली। भारतीय जोड़ी हालांकि अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख पाई और चीन की जोड़ी ने वापसी करते हुए पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में भारतीय टीम आक्रमण और रक्षा दोनों में लड़खड़ा गई और उसे वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article