क्रिकेट

ODI वर्ल्ड कप से पहले बुमराह-हार्दिक पर बोले कोच गंभीर- नहीं चलेगी आधी-अधूरी तैयारी

Gautam Gambhir on Hardik Pandya and Jasprit Bumrah: हार्दिक पांड्या पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं। पिछले 50 ओवर वर्ल्ड कप 2023 में भी वह चोट के कारण बाहर हो गए थे। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी नहीं खेलेंगे।

Image

बुमराह-हार्दिक पर बोले गंभीर (फोटो साभार- AI)

Gautam Gambhir on Hardik Pandya and Jasprit Bumrah: ICC वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में अब एक साल से थोड़ा ज्यादा समय बचा है और टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अभी से अपनी रणनीति साफ कर दी है। गंभीर का पूरा फोकस साउथ अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह फिट टीम तैयार करने पर है। जियोहॉटस्टार को दिए एक इंटरव्यू में गंभीर ने कहा, "आप आधे-अधूरे तैयारी के साथ वर्ल्ड कप में नहीं जा सकते। चाहे वो हार्दिक पांड्या हों या जसप्रीत बुमराह, साउथ अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए ये दोनों हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।"

चैंपियंस ट्रॉफी के बाद टीम का हिस्सा नहीं हार्दिक

गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं। पिछले 50 ओवर वर्ल्ड कप 2023 में भी वह चोट के कारण बाहर हो गए थे। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी नहीं खेलेंगे, लेकिन पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ इंडिया A की वनडे सीरीज से उनकी वापसी की उम्मीद है। हार्दिक की अहमियत पर गंभीर ने कहा, "बहुत कम टीमों के पास हार्दिक जैसा खिलाड़ी है, जो 10 ओवर गेंदबाजी कर सके और नंबर 6 या 7 पर आकर इतने इम्पैक्ट के साथ रन बना सके।"

हार्दिक की अहमियत पर बोले कोच

गंभीर ने माना कि हार्दिक को गेम टाइम की सख्त जरूरत है। भारतीय कोच ने साफ कहा, "फोकस इस बात पर है कि हार्दिक को गेम टाइम मिले। उसने IPL के बाद ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है। अगर हमें 50 ओवर क्रिकेट में उसे खिलाना है तो उसके पास क्रिकेट की कमी है। आपके पास पर्याप्त गेम टाइम होना चाहिए और आपकी लय अच्छी होनी चाहिए, क्योंकि वर्ल्ड कप में अगर-मगर नहीं चलता। वहां गलती करने का कोई मौका नहीं होता।"

बुमराह को लेकर क्या बोले गंभीर

वहीं जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी गंभीर ने बात की। बुमराह फिलहाल जापान में एशियन गेम्स में भारतीय टीम के साथ हैं। गंभीर ने कहा, "वही सोच जस्सी को लेकर भी है। हमें यह देखना होगा कि हम उसे कितना वनडे क्रिकेट खिला सकते हैं। टेस्ट क्रिकेट भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसलिए यह तय करना बहुत जरूरी होगा कि उसके लिए कितना वर्कलोड और गेम टाइम आइडियल है।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article