देश

बदायूं में जमुई जैसा मामला, प्रेमी-प्रेमिका के साथ आरोपियों ने की छेड़खानी और मारपीट! पुलिस ने 3 युवकों को दबोचा

Badaun Shocker: उत्तर प्रदेश के बदायूं में प्रेमी-प्रेमिका के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Image

बदायूं में जमुई जैसा मामला

Photo : Times Now Digital

Badaun Shocker: उत्तर प्रदेश के बदायूं में बिहार के जमुई जैसा मामला सामने आया, जहां प्रेमी-प्रेमिका को घेरकर छेड़खानी और मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मामला 17 सितंबर का बताया जा रहा है जब स्कूल से लौटते समय प्रेमी-प्रेमिका के साथ छेड़खानी और मारपीट हुई। आरोप है कि स्कूल से लौटते समय रास्ते में कुछ युवकों ने प्रेमी-प्रेमिका को घेर लिया और उनके साथ छेड़खानी और मारपीट की। साथ ही आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो बाद में वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

पुलिस ने घटनास्थल का किया दौरा

पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू की और पीड़िता से पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर तीन युवकों को उठा लिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एसएसपी बदायूं डॉ. अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर जानकारी जुटाई। एसएसपी शर्मा के मुताबिक, घटना में शामिल आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शर्मा ने बताया, ''जिला बदायूं के थाना उघैती से एक घटना संज्ञान में आई है, जहां पर एक युवक और युवकी को एक सुनसान इलाके में अकेला पाकर कुछ स्थानीय युवकों ने उनके साथ मारपीट और बदतमीजी की।'' पुलिस अधिकारी के मुताबिक, स्थानीय युवकों ने युवक और युवती का वीडियो भी बनाया और उनके पैसे भी छीन लिए।

उन्होंने बताया कि इस घटना को संज्ञान में लेते हुए युवक-युवती से संपर्क किया गया एवं तहरीर लेकर सुसंगत धाराओं में बीएनएस एवं आईटी एक्ट में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इसमें अभी तक तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों की पहचान सुगेंद्र यादव, छोटे जाटव और बेचैन जाटव के तौर पर हुई है। बकौल अधिकारी, अन्य लोगों की पहचान कर शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी। इस पूरे प्रकरण में कठोरतम वैधानिक कारवाई स्थानीय पुलिस के द्वारा अमल में लाई जा रही है

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article